07/08/26

अजमेर डिस्कॉम ने आयोजित किया प्रधानमंत्री कुसुम योजना के लिए बैंक लोन मेला

एन.एस.बाछल, 07 अगस्त, जयपुर।

अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा प्रबंध निदेशक डॉ भंवरलाल (आईएएस) के निर्देश पर प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के इच्छुक उर्जादाताओ के लिए बुधवार को विद्युत भवन, पंचशील नगर, अजमेर में बैंक लोन मेले का आयोजन किया गया।

      लोन मेले में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) सहित कई राष्ट्रीयकृत बैंकों एवं निजी बैंकों के अधिकारियों ने भाग लेकर ऊर्जा दाताओं को ऋण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा ऋण आवेदनों की प्रक्रिया प्रारंभ की। योजना में रुचि रखने वाले अनेक व्यक्तियों ने बैंक ऋण के लिए आवेदन किए।

       इस अवसर पर झुंझुनूं से आए सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि उन्होंने 2 मेगावाट के 3 संयंत्र (कुल क्षमता 6 मेगावाट) के सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना की तैयारी कर ली है तथा इसके लिए आवश्यक बैंक ऋण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैंक अधिकारियों एवं अजमेर डिस्कॉम के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना किसानों के लिए आय का नया और स्थायी स्रोत बन रही है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी योजना के लिए केंद्र सरकार का भी आभार व्यक्त किया।

     

अधीक्षण अभियंता (सोलर) ने बताया कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत अब तक 381 सौर ऊर्जा संयंत्र, कुल 680 मेगावाट क्षमता के, सफलतापूर्वक कमीशन किए जा चुके हैं। उन्होंने आमजन से अधिकाधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना आमजन व किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी योजना है, जिससे कृषि के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर प्राप्त होता है।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

फरीदाबाद: लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल बना वीडियो कॉल से ब्लैकमेल करने वाले गैंग का भंडाफोड़; मास्टरमाइंड समेत 2 गिरफ्तार

Next

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर देशवासियों को बधाई दी