02/06/26

कालाखो बांध में जल पूजन, कलश यात्रा एवं पौधारोपण के साथ दिया जल संरक्षण का संदेश : राजस्थान

एन.एस.बाछल, 02 जून, जयपुर।

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत मंगलवार को दौसा जिले में स्थित कालाखो बांध पर जल संसाधन मंत्री  सुरेश सिंह रावत की उपस्थिति में जल पूजन, कलश यात्रा, पौधारोपण एवं जन-जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कालाखो बांध पर विधिवत जल पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं अच्छी वर्षा की कामना की। इस अवसर पर महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई तथा जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा वर्षा जल के अधिकतम संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल संसाधनों के संरक्षण एवं सिंचाई व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) के माध्यम से कालीसिंध, चंबल एवं पार्वती नदियों का जल क्षेत्र तक पहुंचेगा, जिससे दौसा जिले सहित पूर्वी राजस्थान में जल उपलब्धता बढ़ेगी तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को वर्षा ऋतु से पूर्व जल स्रोतों, नहरों एवं एनीकटों की आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री सुरेश सिंह रावत ने किसानों की मांग पर पुरानी केनाल प्रणाली की मरम्मत कराने तथा नहरों एवं जल मार्गों पर हुए अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा सिंचाई तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने जल संरक्षण के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर अधिकाधिक पौधारोपण करने का आह्वान करते हुए कहा कि जल और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल ने भी जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों से जल बचाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लेने की अपील की। विधायक श्री बंशीवाल ने ईआरसीपी योजना में शेष बांधों को भी जोड़ने तथा कालाखो बांध पर आवश्यक विकास कार्य कराने की मांग रखी।

कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा, अतिरिक्त जिला कलक्टर अरविंद शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (लालसोट) मनमोहन मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

दैनिक खबर: आज 02 जून, 2026 के शाम 6 बजे के मुख्य समाचार

Next

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में 90 करोड़ ‘आभा‘ खातों का बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड : राजस्थान