दिल्ली यमुना को मिलने वाला है नया जीवन, टेरिटोरियल आर्मी की होगी तैनाती, अतिक्रमण से भी होगा बचाव
नई दिल्ली, 05 अप्रैल (अभी): यमुना सफाई का मुद्दा दिल्ली में लंबे समय से बना हुआ है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनते ही दिल्ली में इस मुद्दे पर जबरदस्त तरीके से काम चल रहा है. दिल्ली सरकार यमुना नदी को साफ रखने और उसके संरक्षण के लिए टेरिटोरियल आर्मी (TA) की मदद लेने की योजना बना रही है. दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने घोषणा की है कि सरकार बहुत जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी. साथ ही जनता को जागरूक करने के लिए एक बड़े स्तर पर अभियान भी शुरू किया जाएगा.
टेरिटोरियल आर्मी (TA) भारतीय सेना की एक रिजर्व फोर्स है. इसे जरूरत पड़ने पर तैनात किया जाता है. यह मुख्य रूप से नागरिकों के लिए होती है, जो अपनी सामान्य नौकरियों या व्यवसायों के साथ-साथ राष्ट्र सेवा में भी योगदान देना चाहते हैं. प्राकृतिक आपदाओं, राष्ट्रीय आपातकाल या अन्य महत्वपूर्ण अभियानों में टेरिटोरियल आर्मी की भूमिका अहम होती है. अब यमुना की सफाई और संरक्षण के लिए भी इस विशेष बल की मदद लेने की योजना बनाई जा रही है.