पंचकूला में खैर लकड़ी की बड़ी तस्करी नाकाम, टाटा 407 में लकड़ियां भरकर भागे तस्कर; 2 भाइयों पर एफआईआर दर्ज
हरियाणा , 18 सितंबर (अभिकान्त) : पंचकूला के बीड़ शिकारगाह वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान खैर की लकड़ी की एक बड़ी तस्करी को नाकाम कर दिया है। वन कर्मियों की मुस्तैदी को देखकर तस्कर कटी हुई लकड़ियों से लदी टाटा 407 गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। मामले में पिंजौर थाना पुलिस ने वन दरोगा की शिकायत पर दो नामजद भाइयों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वन दरोगा अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 10:30 बजे वे अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त पर थे। जबरोट नदी पार करने के बाद जोधपुर गांव के पास बाईं ओर एक टाटा 407 गाड़ी छिपाकर खड़ी की गई थी। जैसे ही वन विभाग की गाड़ी पास पहुंची, चालक लकड़ियों से भरी गाड़ी को तेज रफ्तार में भगा ले गया और दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले।
घटना के बाद टीम ने जब जंगल में तलाशी अभियान चलाया, तो मौके पर 6 खैर के पेड़ कटे हुए पाए गए। कुछ दूरी पर तस्करों की एक बिना नंबर की स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली। काफी देर इंतजार के बाद जब कोई नहीं आया, तो वन विभाग की टीम कटी हुई लकड़ियां, स्कूटी और बाइक को अपने परिसर ले आई।
जांच में सामने आया कि मौके से भागे आरोपी जोधपुर (पंचकुला) निवासी सौरव और गौरव हैं। बरामद बाइक और स्कूटी भी उन्हीं की पाई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
#PanchkulaNews #WoodSmuggling #BirShikargah #HaryanaForestDepartment #HaryanaNews #DanikKhabar
Previous
रोहतक: ZMEO दफ्तर में तैनात क्लर्क ₹40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन ब्यूरो ने की बड़ी कार्रवाई
Next