अम्बाला में 'महिला एवं किशोरी सम्मान योजना' का प्रभावी क्रियान्वयन: बीपीएल परिवारों को मिल रहे नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन
जे कुमार अम्बाला, 15 जुलाई 2026: हरियाणा सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं व बच्चों के विकास और उन्हें सशक्त बनाने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में, महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित 'महिला एवं किशोरी सम्मान योजना' का जिले में प्रभावी रूप से क्रियान्वयन किया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनीषा ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उपायुक्त अजय सिंह तोमर के मार्गदर्शन में इस योजना के तहत 10 वर्ष से 45 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों की महिलाओं और किशोरियों को नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य मासिक धर्म (माहवारी) के दौरान महिलाओं को सुरक्षित व स्वच्छ साधनों के उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
मेन्स्टुअल हाइजीन मिशन के तहत सैनिटरी नैपकिन वितरण के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से लाभार्थियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता, सुरक्षित प्रबंधन और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां भी दी जा रही हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम आंगनवाड़ी केंद्र से संपर्क कर इस सरकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
#AmbalaNews #WomenEmpowerment #MenstrualHygiene #HaryanaGovernment #WCDHaryana #BPLScheme #HealthAndSanitation #BreakingNewsAmbala
Previous
टोहाना में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते 2 बिजली कर्मचारी और 2 अप्रेंटिस रंगे हाथों गिरफ्तार
Next