26/04/25

दिल्लीवालों को प्रदूषण से बचाने के लिए बॉर्डर एरिया में सुरक्षा कवच बना रही है सरकार

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (अभी): दिल्लीवालों को वायु प्रदूषण से बचाने के लिए दिल्ली सरकार एक कारगर कवायद में जुटी है।दिल्ली के सभी सीमावर्ती इलाकों में प्रदूषण के विरुद्ध सुरक्षा कवच तैयार हो रहा है। प्रदूषण फैलान वाले, उम्र पूरी कर चुके वाहन राजधानी में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इसके लिए दिल्ली सरकार अपनी पर्यावरण कार्य योजना 2025-26 को अंतिम रूप दे रही है, जिसमें वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के तकनीकी उपाय होंगे।



दिल्ली सचिवालय में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की अध्यक्षता में शुक्रवार को पर्यावरण, परिवहन विभाग, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की पर्यावरण कार्य योजना पर समीक्षा बैठक हुई। इसमें फैसला लिया गया कि उम्र पूरी कर चुके वाहनों को दिल्ली में हर हाल में प्रवेश से रोका जाए। दिल्ली सीमा के सभी प्रवेश बिंदुओं पर शीघ्र ही स्वचालित नंबरप्लेट पहचान (एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। ये स्वचालित कैमरे वाहनों के नंबर को कैप्चर कर, उन्हें वाहन डेटाबेस से क्रॉस-चेक करेंगे।



एलईडी स्क्रीन बताएगी रॉंग एन्ट्री


दिल्ली सीमा के प्रवेश द्वारों पर वाहनों की स्थिति बताने के लिए एलईडी स्क्रीन लगेगी। इन पर वाहन नंबर दिखेगा और उम्र पूरी कर चुके वाहन के रूप में सूचीबद्ध पाए जाने पर संबंधित वाहन नंबर के साथ रॉंग एन्ट्री दर्शाएगी। ये संदेश वाहन मालिकों को एसएमएस, ह्वाट्सऐप से भेजे जाएंगे। मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि डेटा, ऑटोमेशन और इंटर-स्टेट आउटरीच के माध्यम से हम दिल्ली के चारों ओर प्रदूषण के विरुद्ध सुरक्षा कवच बना रहे हैं। उम्र पूरा कर चुके वाहन दिल्ली में लाने पर जुर्माना लगाया जाएगा। ये नियमों का उल्लंघन रोकने का प्रयास भर नहीं, इसका मकसद वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों को जागरूक करना भी है।

Previous

ईरान के बंदर अब्बास शहर में भीषण विस्फोट के बाद लगी आग, अब तक 516 लोगों के घायल होने की सूचना

Next

दुनिया की पहली ऐसी सर्जरी: महिला के पेट में था फुटबॉल साइज ट्यूमर, सफदरजंग के डॉक्टरों ने रोबोटिक तकनीक से निकाला