हरियाणा सरकार सिख गुरुओं की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार के लिए काम कर रही है- मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 29 अप्रैल (अभी) – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार सिख गुरुओं की शिक्षाओं के प्रसार और सिख समुदाय की समृद्ध विरासत को संरक्षित करने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन से प्रेरित होकर, जिन्होंने सिख समुदाय के उत्थान के लिए अथक प्रयास किए हैं, हरियाणा सरकार भी उनके कल्याण और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सिख गुरुओं की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ सिख समुदाय के इतिहास को संरक्षित करने में भी सक्रिय रूप से लगी हुई है। यह बात श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को अपने निवास स्थान संत कबीर कुटीर में सिख समुदाय के गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इसी प्रकार हरियाणा में भी विकास के पहिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने इस प्रगति को और तेज करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार दोनों ही किसानों की सच्ची हितैषी हैं। इसका प्रमाण यह है कि हरियाणा में सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है और पिछले साढ़े दस वर्षों में सरकार ने किसानों को फसल नुकसान के लिए 14,500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया है। इसके विपरीत, 2014 से पहले कांग्रेस सरकार के समय किसानों को फसल नुकसान के लिए केवल 1,155 करोड़ रुपये ही मिले थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनानगर में बन रहे मेडिकल कॉलेज का नाम श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर रखा जाएगा। इसी तरह, लोहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के सम्मान में जल्द ही एक संग्रहालय बनाया जाएगा और वहां एक मार्शल आर्ट स्कूल भी बनाया जाएगा। इसके अलावा, नाडा साहिब से पांवटा साहिब तक की सड़क का नाम श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सिख संग्रहालय के निर्माण के लिए कुरुक्षेत्र में भूमि की पहचान कर ली है। यह संग्रहालय सिख इतिहास से जुड़ी विरासत को संरक्षित करेगा और युवाओं को उनके समृद्ध अतीत के बारे में बहुमूल्य जानकारी प्रदान करेगा। उन्होंने सिख समुदाय के सदस्यों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उचित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा।
इस अवसर पर करनाल के विधायक श्री जगमोहन आनंद, श्री तरलोचन सिंह तथा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।