भिवानी में अनूठी पहल: 'प्रयास एक कोशिश' संगठन ने रक्षाबंधन पर पौधों को बांधी राखी, संरक्षण का लिया संकल्प
हरियाणा , 28 अगस्त (अभिकान्त) : भिवानी में पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत 'प्रयास एक कोशिश' सामाजिक संगठन ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक अनूठी पहल करते हुए लोहारू के मुक्तिधाम और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए पौधों को रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। संस्था के संस्थापक मास्टर पवन स्वामी, डॉ. उमेद जांगिड़ और पार्षद अजय शर्मा ने बताया कि उनका संगठन पिछले लगभग 10 वर्षों से रक्षाबंधन पर पौधों को राखी बांधकर उनके बचाव का संकल्प लेने का यह अभियान चला रहा है।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि पौधे हमारे जीवन का आधार और सुरक्षा कवच हैं, इसलिए यह हमारा दायित्व है कि हम केवल पौधारोपण तक ही सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों को पूरा पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करें। उनके इस अभियान को अब व्यापक पहचान मिल रही है, और इसी तर्ज पर हरियाणा सरकार भी 'वृक्षाबंधन' कार्यक्रम चलाकर आमजन को प्रेरित कर रही है। इस अवसर पर एसएसजे फाउंडेशन से डॉ. अनिल जोशी और रिंकू कुमार ने भी पर्यावरण संरक्षण को हर नागरिक की जिम्मेदारी बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महेश शर्मा, जागेराम और मनोज सिंघल ने विशेष सहयोग दिया।
#BhiwaniNews #Loharu #EnvironmentalProtection #RakshaBandhan #Vrikshabandhan #PrayasEkKoshish #DanikKhabar # #HaryanaNews
Previous
दैनिक खबर: आज 28 अगस्त , 2026 के शाम 6 बजे के मुख्य समाचार
Next