13/04/25

बढ़ती गर्मी के बीच पहाड़ों का रुख करने लगे पर्यटक, शिमला में 80 फीसदी होटल बुक

हिमाचल, 13 अप्रैल (अभी): हिमाचल के मैदानी इलाकों में बढ़ रही गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं. शिमला सहित अन्य पर्यटक स्थलों में पर्यटकों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है. सड़कों पर वाहनों की कतार लगी हुई है. हिमाचल में मौसम के बदले मिज़ाज ने तो पर्यटकों की उम्मीदें पूरी कर दी हैं.

समर सीजन 15 अप्रैल से शुरू होता है. वीकेंड पर पर्यटक पहाड़ों पर घूमने पहुंच रहे हैं, जिससे कोविड के बाद से मंदी की मार झेल रहे हिमाचल के पर्यटन को पंख लगने की उम्मीद जगी है.

समर सीजन में होटल कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है. इस बार गर्मियों के सीजन में मैदानी इलाकों में अप्रैल के शुर में ही चिलचिलाती गर्मी महसूस होने लगी है. इसके चलते अभी से ही भारी तादाद में सैलानी पहाड़ों का रुख करने लगे हैं. वीकेंड पर एडवांस बुकिंग होने से कई होटल पूरी तरह पैक हो गए हैं.

शिमला में 60 फीसदी होटल में एडवांस बुकिंग हो गई है. पर्यटन सीजन को लेकर पर्यटन निगम के होटलों में पर्यटकों को लुभाने के लिए कई इंतजाम किए गए है.होटलों में  पहाड़ी व्यंजन परोसे जाएंगे. पर्यटक इनमें खासी दिलचस्पी दिखा रहे हैं.

पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि पर्यटन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस हफ्ते भी 80 से 90 फीसदी ऑक्यूपेंसी देखी गई है. आगे उम्मीद है कि हिमाचल में पर्यटकों की तादाद बढ़ेगी.


वहीं, होटल कारोबारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि इस बार समर सीजन में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद जगी है. अभी से पर्यटक शिमला पहुंच रह रहे हैं. होटलों में एडवांस बुकिंग चल रही है. विंटर सीजन में शिमला में न के बराबर बर्फबारी देखने को मिली थी,  जिससे पर्यटन कारोबार भी प्रभावित हुआ. लेकिन अब जिस तरह से मैदान में गर्मी पड़ रही है ऐसे में इस बार शिमला में पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड तोड़ सकती हैं.

उधर शिमला घूमने आए पर्यटकों का कहना है कि मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, तीन दिन की छुट्टियां थी, जिसमें वह शिमला पहुंचे हैं. यहां का मौसम सुहावना है और वह इस मौसम का भरपूर आनंद उठा रहे हैं.

Previous

हिमाचल के मुख्यमंत्री पांगी में 14 विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे

Next

सुखबीर सिंह बादल फिर बने शिरोमणि अकाली दल के प्रधान, तनखैया घोषित होने के बाद दिया था इस्तीफा