उत्तर प्रदेश : होली में घर जाने को स्टेशन पर यात्रियों की खचाखच भीड़, ट्रेन में चढ़ने को लेकर मारामारी; चलाई गई कई स्पेशल ट्रेनें
उत्तर प्रदेश, 13 मार्च (अभी): होली पर यात्रियों की सुविधा के लिए गोविंदपुरी स्टेशन के रास्ते चार जोड़ी विशेष ट्रेनों को और चलाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, घर जाने के लिए यात्री भीड़ बढ़ने के कारण कोच के दरवाजे पर बैठकर यात्रा करते नजर आए। जनरल कोचों में क्षमता से अधिक यात्री नजर आए। 80 के स्थान पर 250 से 300 तक यात्री बैठे। ट्रेनों के सेंट्रल स्टेशन पर पहुंचने के बाद चढ़ने के लिए धक्कामुक्की तक हुई।
जीआरपी, आरपीएफ व पीएसी समेत टीमें सुरक्षा में मुस्तैद की गई हैं। रेलवे जनसंपर्क अधिकारी रागिनी सिंह के अनुसार, आनंद विहार टर्मिनल-जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल आरक्षित विशेष एक्सप्रेस दो फेरा गोविंदपुरी स्टेशन के रास्ते चलेगी। इसी तरह अन्य आनंद विहार टर्मिनल-जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल आरक्षित विशेष एक्सप्रेस भी 13 व 15 मार्च को गोविंदपुरी के रास्ते चलाई जाएगी।
उधर, दिल्ली-मुंबई व सूरत की ओर से आने वाली ट्रेनों के जनरल, स्लीपर से एसी कोच तक बुधवार को ठसाठस नजर आए। बिहार व पूर्वांचल जाने वाली हर ट्रेन में मारामारी रही। कोचों में बैठने की जगह नहीं मिली। इससे यात्रियों को प्लेटफार्मों पर घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ की ट्रेन छूट भी गई।