समाधान शिविर में आमजन की शिकायतों का तीव्रता से होता है समाधान : डीसी डा. हरीश कुमार वशिष्ठ
जे कुमार, पलवल, 19 अगस्त : हरियाणा सरकार द्वारा हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन के लिए काफी सार्थक सिद्ध हो रहे हैं। इन शिविरों में आमजन की शिकायतों का तीव्रता से समाधान करवाया जाता है। इन शिविरों का आमजन को पूरा लाभ उठाते हुए अपनी समस्याओं का हल करवाना चाहिए। यह जानकारी डीसी डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने दी |
डीसी डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि समाधान शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी एक ही छत के नीचे मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनकर उनका प्राथमिकता से समाधान करवाते हैं। इन समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों की मॉनिटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करते हैं। हर शुक्रवार को समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों को लेकर राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री कार्यालय से उच्चाधिकारियों द्वारा समीक्षा बैठक भी की जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतें लंबित नहीं रखी जाएं उनका प्राथमिकता से समाधान करवाकर पोर्टल पर अपडेट जरूर करें।
डीसी डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि समाधान शिविर में रेलवे रोड पर जलभराव से संबंधित शिकायत पर संबंधित विभाग के अधिकारी को जल्द से जल्द समाधान करवाने के निर्देश दिए गए। इसी तरह फुलवाड़ी गांव में भी जलभराव की समस्या का निवारण करवाने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में फैमिली आईडी, बिजली निगम, राशन कार्ड बनवाने, पेंशन और पुलिस से संबंधित शिकायतें आई। इन शिकायतों का संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर निवारण करवाने के निर्देश दिए।
वहीं डीसी डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिला सचिवालय के द्वितीय तल पर स्थित सभागार कक्ष में तकनीकी व अन्य कार्यों के चलते आगामी एक महीना तक जिला स्तर पर समाधान शिविर का आयोजन जिला सचिवालय के तृतीय तल पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम ज्योति, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, डीएसपी अनिल कुमार, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी सहित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#palwal #news #samadhancamp #people #haryana