'जैसे मैंने भारत-पाकिस्तान में समझौता करवाया, वैसे ही इस्राइल-ईरान के बीच भी शांति ला सकते हैं', संघर्ष पर बोले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
नई दिल्ली, 15 जून (अभी): अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को दावा किया कि वह भारत और पाकिस्तान की तरह इस्राइल और ईरान के बीच भी शांति ला सकते हैं। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ईरान और इस्राइल को समझौता करना चाहिए और वे समझौता करेंगे, ठीक वैसे ही जैसे मैंने भारत और पाकिस्तान को समझौता के लिए राजी किया था। उस समय मैं अमेरिका के व्यापार का उपयोग करके बातचीत में समझदारी, एकजुटता और संतुलन लाया था। दोनों बेहतरीन नेताओं ने जल्दी फैसला लेकर संघर्ष रोक दिया था।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ट्रंप ने कहा कि वह बातचीत में लगे हुए हैं और पीछे वाले दरवाजे से फोन पर बातचीत और बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने कहा,जल्द ही इस्राइल और ईरान के बीच शांति होगी! अभी फोन पर बहुत बातचीत और बैठकें चल रही हैं।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने अन्य अंतरराष्ट्रीय संघर्षों का भी जिक्र किया और दावा किया उन्होंने इनमें दखल दिया था। उन्होंने कहा, मेरे पहले कार्यकाल के दौरान सर्बिया और कोसोवा में कई दशों से चल रहा संघर्ष चरम पर था और यह लंबे समय से चल रहा संघर्ष युद्ध में बदलने को तैयार था। मैंने इसे रोका। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने कुछ बहुत ही मूर्खतापूर्ण फैसले लिए, जिससे दीर्घकालिक संभावनाओं को नुकसान पहुंचा।