21/07/26

अगरतला: त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ की पुलिस मुख्यालय में संदिग्ध परिस्थिति में मौत, आत्महत्या की आशंका

जे कुमार अगरतला (त्रिपुरा), 21 जुलाई 2026 : त्रिपुरा पुलिस मुख्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग धनखड़ का शव उनके कार्यालय (वॉशरूम) में संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता हुआ मिला। 1994 बैच के 60 वर्षीय वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की इस अचानक हुई मौत से राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में शोक और दहशत का माहौल है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या (Suicide) का माना जा रहा है।

घटना सोमवार दोपहर की है, जब कार्यालय में ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को अधिकारियों द्वारा सतर्क किए जाने के बाद डीजीपी को तुरंत जी.बी. पंत (GBP) अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित (Brought Dead) कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, मुख्य सचिव जे. के. सिन्हा सहित सरकार के तमाम आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना पर गहरा दुख जताया।

डीजीपी अनुराग धनखड़ एक बेहद काबिल और निपुण अधिकारी माने जाते थे, जिन्होंने अपने करियर में सीबीआई (CBI), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (Kosovo) में भी महत्वपूर्ण सेवाएं दी थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

#AgartalaNews #TripuraDGP #AnuragDhankar #IPS #TripuraPolice #BreakingNewsIndia #Agartala

Previous

कानपुर में नेटवर्क मार्केटिंग की आड़ में ₹100 करोड़ का बड़ा जॉब स्कैम, 60 हजार लोग शिकार; 6 गिरफ्तार

Next

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026, मदार से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष वातानुकूलित ट्रेन हुई रवाना, विधानसभा अध्यक्ष राजस्थान ने दिखाई हरी झंडी