कानपुर में नेटवर्क मार्केटिंग की आड़ में ₹100 करोड़ का बड़ा जॉब स्कैम, 60 हजार लोग शिकार; 6 गिरफ्तार
जे कुमार कानपुर (उत्तर प्रदेश), 21 जुलाई 2026: कानपुर की हनुमंत विहार थाना पुलिस ने नौकरी और घर बैठे कमाई का झांसा देकर देश भर के युवाओं से ₹100 करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्जी नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी चलाकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कंपनी का मुख्य संचालक फिलहाल फरार है।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बेरोजगार युवाओं को 20 से 25 हजार रुपये महीना कमाने का लालच देता था। इसके बाद जॉइनिंग और मेंबरशिप के नाम पर प्रति व्यक्ति 15 से 30 हजार रुपये तक ऐंठ लिए जाते थे। ठगी को वैध दिखाने के लिए यह फर्जी कंपनी लोगों को घटिया व बिना लाइसेंस वाले हेल्थ प्रोडक्ट्स थमा देती थी। शुरुआती जांच के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए अब तक देश के लगभग 60 हजार से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की जा चुकी है।
हनुमंत विहार थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 6 आरोपियों को दबोचा। इनके कब्जे से 6 मोबाइल फोन, सीपीयू, नगदी और ठगी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इसके साथ ही कंपनी के बैंक खातों को फ्रीज करने और फरार मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
#KanpurNews #JobScam #CyberFraud #KanpurPolice #UPPolice #FakeJobRacket #NetworkMarketingScam #BreakingNewsUP
Previous
दैनिक खबर: आज 21 जुलाई, 2026 के प्रातः 10 बजे के ताज़ा समाचार
Next