टीबी मुक्त नगर निगमों पर राज्यस्तरीय कार्यशाला का आयोजन
चंडीगढ़, 20 सितम्बर (अभी) - हरियाणा को टीबी मुक्त करने के अभियान के तहत पंचकूला में स्वाथ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में तपेदिक (टीबी) मुक्त नगर निगमों पर एक राज्यस्तरीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य टीबी मुक्त नगर निगमों के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना था।
इस कार्यशाला में 22 विभागों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
पंचकूला के मेयर श्री कुलभूषण गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यशाला में भाग लिया। उन्होंने अपने संबोधन में टीबी से जुड़े कलंक (स्टिग्मा) को खत्म करने पर जोर दिया ताकि संदिग्ध मरीज़ बिना किसी हिचकिचाहट के आगे आकर अपनी जांच करा सकें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को नए रोगियों के बारे में सूचित करने और उन्हें निक्षय मित्र पहल के तहत पोषण किट प्रदान करने को नैतिक कर्तव्य बताया। उन्होंने 200 रोगियों को गोद लेने की घोषणा की और आवश्यकता पड़ने पर और अधिक पोषण किट प्रदान करने की पेशकश भी की। उन्होंने राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के विभिन्न स्टॉलों का भी दौरा किया और हैंड हेल्डएक्स-रे के माध्यम से अपनी टीबी की जांच करवाई।
पंचकूला के पार्षद श्री जय कौशिक ने भी एआई ऐप 'कफ अगेंस्ट टीबी' के माध्यम से अपनी जांच कराई। उपमहानिदेशक टीबी, डॉ.उर्वशी सिंह, ने वर्चुअल माध्यम से कार्यशाला में भाग लिया और इस पहल के लिए हरियाणा राज्य टीबी सेल की सराहना की, क्योंकि हरियाणा ऐसा करने वाला पहला राज्य है।
महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं (डीजीएचएस) डॉ. कुलदीप सिंह ने टीबी के संक्षिप्त इतिहास पर प्रकाश डाला और सभी से अपील की कि वे अन्य दान के बजाय निक्षय मित्र बनकर टीबी रोगियों की मदद करें।
स्वास्थ्य सेवा निदेशक (टीबी), डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने टीबी मुक्त वार्डों के महत्व पर मुख्य संबोधन दिया और सभी प्रतिभागियों से टीबी उन्मूलन की लड़ाई में योद्धा के रूप में काम करने का आग्रह किया।
राज्य टीबीअधिकारी, डॉ. राजेश राजू ने बताया कि राज्य पहले से ही टीबीमुक्त पंचायतों के लिए काम कर रहा है, लेकिन अब हमें नगर निगमों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि टीबी केवल गरीबों की बीमारी नहीं है, यह किसी को भी प्रभावित कर सकती है। उन्होंने बताया कि भारत-पाकिस्तान युद्ध की स्थिति समाप्त होने के अगले दिन ही हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा की थी।
#TBMuktHaryana #TBElimination #TBFreeIndia #HealthForAll #Panchkula #KulbhushanGoyal #NikshayMitra #CommunityHealth #PublicHealth