22/03/25

एस. ए. जैन विजय वल्लभ पब्लिक स्कूल में किंडरगार्टन ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य आयोजन

अम्बाला, 22 मार्च (अभी): एस. ए. जैन विजय वल्लभ पब्लिक स्कूल में आज किंडरगार्टन के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक समिति के प्रधान श्री संदीप जैन जी, उपाध्यक्ष श्री पुनीत जैन जी, मैनेजर श्री आशीष जैन जी, सेक्रेटरी श्री रविकांत जैन जी, अंशुल जैन, हितेश जैन और पीयूष जैन शामिल हुए।


इस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर मेयर श्रीमती शैलजा सचदेवा ने शिरकत की। विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा उनका पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया। विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा संदीप सचदेवा  का भी गरिमामय स्वागत किया गया। उन्हें सम्मान स्वरूप माला पहनाई गई और पारंपरिक पगड़ी अर्पित की गई। इसी के साथ, हमारे बीच उपस्थित सम्माननीय अतिथि श्रीमती पारुल सभरवाल, रजनीश गुप्ता, मोहित अहलूवालिया, पवन चुग और डॉक्टर राजेश लूथरा का भी हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। उनकी उपस्थिति ने इस समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।


प्रधानाचार्या ने सभी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि का परिचय कराया और बताया कि श्रीमती शैलजा सचदेवा ने अपनी नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा के प्रति समर्पण से नगर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।


कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र के उच्चारण और माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। छोटे छोटे बच्चों ने आयो रे शुभ दिन आयो पर अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान एक प्रस्तुति के माध्यम से अभिभावकों को यह महत्वपूर्ण संदेश दिया गया कि वे अपने बच्चों के साथ अधिक से अधिक समय व्यतीत करें, ताकि वे सोशल मीडिया के अति प्रयोग से बच सकें और परिवार से जुड़ाव महसूस करें।


प्रधानाचार्या ने भी अपने संबोधन में इस विषय पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देने के लिए अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि माता-पिता बच्चों को पर्याप्त समय देंगे, तो वे डिजिटल दुनिया की लत से बचते हुए जीवन मूल्यों में निवेश कर सकेंगे। वहीं ‘छोटे-छोटे तमाशे’ गीत पर बच्चों की मासूम अदाओं और ऊर्जा से भरी प्रस्तुति ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि यूकेजी रोज़ की नन्ही छात्रा शनाया ने अपने किंडरगार्टन के अनुभव सभी के साथ साझा किए। उसकी मासूम अभिव्यक्ति और निश्छल शब्दों ने दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम को एक भावनात्मक स्पर्श दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रबंधक आशीष जैन ने भी सभी को संबोधित किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक शब्दों में कहा। यह केवल एक ग्रेजुएशन सेरेमनी नहीं है, बल्कि इन नन्हे-मुन्ने बच्चों की पहली बड़ी उपलब्धि है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रही है। शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, नैतिकता और संस्कारों का संगम है। हमें गर्व है कि हमारा विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयासरत है। आज ये छोटे बच्चे आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं, और यही आत्मविश्वास आगे चलकर उनके जीवन की सफलता की नींव बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि हमने अपने विद्यालय को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए 13 इंटरएक्टिव पैनल लगाए हैं, जिससे कक्षाओं में पढ़ाई अधिक रोचक और प्रभावी हो सके। हमारा हाई-टेक कंप्यूटर लैब शहर की सबसे आधुनिक प्रयोगशालाओं में से एक है, जो बच्चों को डिजिटल दुनिया से जोडऩे का बेहतरीन साधन बनेगा।
हमारे विद्यालय में शिक्षा को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि खेलों और अन्य गतिविधियों को भी उतना ही महत्व दिया गया है। हमारे यहाँ क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कराटे और जिम्नास्टिक्स की शानदार सुविधाएँ दी जा रही हैं, ताकि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास समान रूप से हो सके। इस मौके पर मुख्य अतिथि शैलजा सचदेवा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनके मार्गदर्शन में लगे शिक्षकों के समर्पण की भी सराहना की। साथ ही, उन्होंने विद्यालय की उत्कृष्टता और उसके उच्च शैक्षिक मानकों की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने भी सभी बच्चों और अभिभावकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान एक अभिभावक ने भी मंच पर आकर अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय के सभी शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण, अनुशासन और बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की प्रशंसा करते हुए विद्यालय प्रबंधन को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन सर्टिफिकेट और सम्मान पट्टिका (शील्ड) प्रदान किए गए। इस गौरवशाली पल को अभिभावकों ने कैमरे में कैद किया और विद्यालय एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्कूल के प्रधान संदीप जैन ने मंच पर आकर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि तथा सभी आगंतुकों का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, छात्रों व कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में हमारा विद्यालय सफलता की बुलंदियों को छूएगा।
इसके पश्चात्, मुख्य अतिथि को टोकन ऑफ लव के रूप में एक स्मृति चिह्न भेंट किया गया, जिससे यह विशेष अवसर और भी यादगार बन गया।
विद्यालय प्रबंधन समिति ने इस सफल आयोजन के लिए शिक्षकों और आयोजकों की सराहना की तथा भविष्य में भी इस तरह के प्रेरणादायक कार्यक्रमों को जारी रखने का आश्वासन दिया। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Previous

टैलेंट फिएस्टा 2025 कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन कर किया कालेज का नाम रोशन।

Next

युवा कुसंगति व नशे से रहें दूर, नशीले पदार्थों की तस्करी  करने वालों की खैर नहीं