02/01/26

समाधान शिविरों की समीक्षा: DC अजय सिंह तोमर ने गदौली के लिए गठित की विशेष समिति

अम्बाला, 02 जनवरी (अभी) : उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि समाधान शिविर हरियाणा सरकार की आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से शुरू की गई एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी अधिकारी समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाना सुनिश्चित करें।


उपायुक्त आज समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के समाधान को लेकर अपने कार्यालय में सम्बन्धित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ले रहे थे।


इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रैसिंग के माध्यम से चण्डीगढ़ से समाधान शिविरों को लेकर जिला के सभी उपायुक्तों एवं सम्बन्धित अधिकारियों की एक बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अम्बाला जिले के तहत गांव गदौली में गंदे पानी की निकासी की शिकायत पर उपायुक्त अम्बाला को इस समस्या का समाधान के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए जिसमें सम्बन्धित विभाग का कार्यकारी अभियंता, खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी व मार्किटिंग बोर्ड का अधिकारी शामिल किया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान जिला के एसडीएम व सम्बन्धित विभाग के अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रैंसिग में जुड़े।
उपायुक्त ने बैठक में सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों से आयोजित समाधान शिविरों में आ रही शिकायतों बारे विस्तार से जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को साथ के साथ पोर्टल पर अपलोड करवाएं। जिन शिकायतों का मौके पर समाधान संभव नहीं होता है तो उन लम्बित शिकायतों का भी समयबद्ध तरीके से समाधान करवाना सुनिश्चित करें।


उन्होंने सम्बन्धित को आयोजित समाधान शिविरों की जानकारी लोगों तक पहुंचे उसके भी निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि समाधान शिविर में केवल शिकायतों का समाधान करना ही नहीं अपितू विभागों से जुड़ी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जानकारी देना है ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने लम्बित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।


उपायुक्त ने आमजन से अपील की कि वे आयोजित समाधान शिविरों में अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को रखे और इन शिविरों का लाभ लें। यह शिविर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को जिला स्तर पर उपायुक्त कार्यालय व उपमंडल स्तर पर सम्बन्धित एसडीएम कार्यालय में प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते हैं।


इस मौके पर नगर निगम आयुक्त विरेन्द्र लाठर, अतिरिक्त उपायुक्त विराट, नगराधीश अभिषेक गर्ग, एएमसी नगर निगम दीपक सूरा, संयुक्त आयुक्त नगर निगम पुनीत, डीएसपी सुरेश कुमार, जीएम रोडवेज अश्वनी डोगरा, कार्यकारी अभियंता सिंचाई संदीप, कार्यकारी अभियंता नगर निगम, सीएमओ डा. राकेश सहल के साथ-साथ अन्य विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

#SamadhanShivir #HaryanaGovt #DCAmbala #PublicGrievance #GoodGovernance #AjaySinghTomar #PublicWelfare #FastTrackResolution #CitizenFirst #HaryanaProgress #GovernanceUpdate

Previous

आज का राशिफल – 3 जनवरी 2026 (शनिवार)

Next

अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना-1 (दयालु ) के 5794 परिवारों के लाभार्थियों को  217.36 करोड़ रुपए की राशि जारी