20/03/26

रबी सीजन 2026: मंडियों में फसल बेचने हेतु नए दिशा-निर्देश जारी

हरियाणा, 20 मार्च  (अभी) : हरियाणा सरकार द्वारा रबी सीजन 2026 के दौरान किसानों की सुविधा एवं मंडियों में सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य फसल की खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और समयबद्ध बनाना है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

डीसी अजय कुमार ने बताया कि जारी निर्देशों के अनुसार मंडी में फसल लेकर आने वाले सभी किसानों के वाहनों पर फ्रंट नंबर प्लेट का स्पष्ट होना अनिवार्य किया गया है। साथ ही, गेट पास के लिए फोटो सत्यापन भी आवश्यक होगा, जिससे सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। मंडी में प्रवेश के लिए गेट पास जारी करने का समय प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने किसानों से अपील कि वे निर्धारित समय के भीतर ही अपनी फसल मंडी में लेकर आएं, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

इसके अतिरिक्त, किसानों के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है। इसके लिए किसानों को ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाना होगा, जिसमें परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) या अन्य आवश्यक दस्तावेजों का उपयोग किया जा सकता है।

डीसी ने कहा कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, पंचकुला द्वारा जारी इन निर्देशों के माध्यम से मंडियों में भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने, पारदर्शिता बढ़ाने और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसान इन दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी फसल मंडियों में लाएं।

#HaryanaFarming #RabiProcurement2026 #FarmerUpdate #MeriFasalMeraByora #MandilUpdate #AgricultureNews #HaryanaGovernment #DigitalFarming #MSP #FarmerSuvidha #Danikkhabar

Previous

मुंबई के रेस्टोरेंट में वेटर बन छिपा था ₹50,000 का इनामी हत्यारा, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने फिल्मी अंदाज में दबोचा

Next

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता: दिल्ली और हैदराबाद से दो नाबालिगों सहित तीन लापता व्यक्तियों को किया बरामद