राष्ट्रीय शिक्षा नीति युवाओं को उद्यमिता में कुशल बनाएगी : शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा
चंडीगढ़, 29 अप्रैल (अभी) - शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने कहा कि हरियाणा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इस नीति से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ उद्यमिता में भी दक्ष बनाया जाएगा। इससे युवा नौकरी की तलाश करने की बजाय स्वरोजगार प्राप्त कर सकेंगे। शिक्षा नीति का उद्देश्य भी युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
शिक्षा मंत्री आज संजय गांधी ओमप्रकाश गर्ग मेमोरियल स्कूल बाबैन (कुरुक्षेत्र) में आयोजित वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना है। इसी को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं भी बनाई जा रही हैं। युवाओं को स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों को कक्षा में सभी बच्चों की रुचि के विषय का पता लगाना चाहिए और उसी के अनुसार पढ़ाना चाहिए। शिक्षकों को आज की जरूरतों के हिसाब से शिक्षा देनी होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, ताकि विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहें। सरकार ने विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें भी उपलब्ध कराई हैं।