01/03/25

नशे के खिलाफ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का बड़ा अभियान, दोषियों की सजा के लिए बनेगा विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट

पंजाब, 01 मार्च (अभी): पंजाब सरकार नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ड्रग्स माफिया को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे या तो नशा तस्करी छोड़ दें या पंजाब छोड़ दें। किसी भी नशा तस्कर को अब बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करों की अब सिर्फ गिरफ्तारी नहीं होगी, बल्कि उनकी अवैध संपत्ति पर सरकार बुलडोजर चलाएगी। सीएम ने पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए तीन महीने का समय तय किया है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को चंडीगढ़ के पंजाब भवन में सभी जिलों के डीसी, एसएसपी और तमाम विभागाें के सचिवों को ड्रग्स माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। तीन महीने के बाद सीएम मान फिर बैठक बुलाएंगे और जिम्मेदार अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करेंगे। इस बैठक में वीरवार को गठित की गई पांच सदस्यीय कैबिनेट कमेटी के चेयरमैन वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा, डॉ. बलबीर सिंह, तरुणप्रीत सिंह सौंद और लालजीत सिंह भुल्लर भी उपस्थित थे। इसके अलावा मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, डीजीपी गौरव यादव, गृह सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह, स्पेशल डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर अर्पित शुक्ला व अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

फास्ट ट्रैक अदालतों का गठन करेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नशा तस्करी के मामलों की तेजी से सुनवाई व दोषियों को सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों का गठन करेगी। सीएम ने स्कूलों व कॉलेजों में नशे की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। उन्होंने नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ने और नशा बेचने वालों को जेल में डालने की बात कही।

आरोपियों की जमानत रद्द करने की पूरी कोशिश की जाए

सीएम ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ तेजी से मामले दर्ज किए जाने चाहिए, जिसके लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने पहले ही सूची दे दी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बड़ी व मध्यम मात्रा में नशे की बरामदगी के मामलों में गिरफ्तार आरोपियों की जमानत रद्द करने में पूरी कोशिश की जाए।

विभागों के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने डिप्टी कमिश्नरों, पुलिस कमिश्नरों व सभी एसएसपी को नशा छुड़ाओ व पुनर्वास केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करने के लिए कहा। इन केंद्रों को आवश्यक मानव शक्ति व परीक्षण किट, दवाएं, सुरक्षा, सफाई और अन्य बुनियादी ढांचे से लैस करने पर जोर दिया। साथ ही विभागों के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया।

स्कूलों में नशे के खिलाफ पाठ्यक्रम

सीएम ने कहा कि एसडीएम, फील्ड अधिकारी नशे के आदी विशेष रूप से नशे की ओवरडोज से मौत के मामले में पीड़ितों के घर जाएं। उन्होंने स्कूलों में नशे की समस्या के खिलाफ पाठ्यक्रम शुरू करने की भी घोषणा की, जिसके लिए शिक्षा विभाग जल्द आवश्यक कदम उठाएगा।

Previous

इजरायल के राजदूत रियुवेन अजार ने कृषि और किसान कल्याण सचिव डॉ. देवेश चतुर्वेदी से भेंट की

Next

पति पर परिवार से अलग होने का दबाव: हाईकोर्ट ने ऐसी पत्नी को बताया क्रूर, तलाक के आदेश को रखा बरकरार