23/06/25

पंजाब सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव को सौंपी सभी हाउसिंग डेवलपमेंट की कमान, विपक्ष ने उठाए सवाल

पंजाब, 23 जून (अभी): पंजाब के सभी हाउसिंग डेवलपमेंट की कमान मुख्य सचिव को सौंपने को लेकर राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने इसे लेकर आप सरकार पर सियासी हमला बोला है। विपक्ष ने कहा है कि पहली बार किसी सीएम से शक्तियां लेकर ब्यूरोक्रेसी को दी गई हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।

शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा कि पंजाब की जमीन और विकास का कंट्रोल उस अधिकारी के जरिये आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल को सौंप दिया गया है, जो उनका करीबी है। सीएम ने पूरी तरह से सरेंडर कर दिया है। सुखबीर ने आरोप लगाया कि यह पंजाब के साथ धोखा है। प्रदेश को पूरी तरह से अब गैर पंजाबी कंट्रोल कर रहे हैं।


सरकार पंजाब की जमीन अधिग्रहण करने की तैयारी कर रही है, जिसमें लुधियाना की 24 हजार एकड़ भी शामिल है, जिसका हमारी पार्टी कड़ा विरोध करेगी। विपक्ष के नेता प्रताप बाजवा ने कहा कि मुख्य सचिव की शक्तियों में विस्तार करना पंजाब के आत्मसम्मान पर हमला है। लोगों को आप नेताओं से पूछना चाहिए कि आज पंजाब पर वास्तव में कौन शासन करता है।

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने कहा कि कुछ दिन पहले सीएम ने एक फाइल पर हस्ताक्षर नहीं किए थे और अब वे सीएम से शक्तियां लेकर मुख्य सचिव को दे रहे हैं। अब दिल्ली की टीम भूमि और आवास से संबंधित हर चीज का फैसला करेगी।

Previous

PM speaks with President of Iran regarding prevailing situation in the region

Next

लुधियाना उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की हुई जीत, संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशूको 10 हजार वोटों से हराया