21/08/26

पिहोवा: प्रॉपर्टी आईडी में धांधली और जनशिकायतों पर बड़ा एक्शन; नगरपालिका सचिव सस्पेंड

जे कुमार पिहोवा/कुरुक्षेत्र, 21 अगस्त 2026 : हरियाणा सरकार द्वारा भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी लगातार मिल रही जनशिकायतों और विभागीय कार्यों में अनियमिताओं को देखते हुए पिहोवा नगरपालिका के सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिहोवा नगरपालिका क्षेत्र के नागरिक पिछले काफी समय से प्रॉपर्टी आईडी में गलत नाम, क्षेत्रफल, त्रुटियों के सुधार और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने में हो रही देरी को लेकर परेशान थे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि चक्कर काटने के बावजूद भी शिकायतों का समाधान नहीं किया जा रहा था।

जांच के बाद जारी हुए आदेश:

प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी शिकायतों और विभागीय कार्यप्रणाली की समीक्षा के बाद उच्च अधिकारियों ने माना कि सचिव स्तर पर जनसमस्याओं के निपटारे में घोर लापरवाही बरती जा रही थी। इसके बाद शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने आदेश जारी करते हुए सचिव को सस्पेंड कर दिया और विभागीय जांच (Departmental Inquiry) बैठा दी है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि आम जनता को सरकारी सेवाओं के लिए परेशान करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। पिहोवा में हुई इस कार्रवाई से नगरपालिकाओं और नगर निगमों के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

#PehowaNews #KurukshetraNews #PropertyID #ULBHaryana #HaryanaGovernment #PehowaMunicipality #HaryanaNews #AdministrativeAction

Previous

कैथल: सर्पदंश से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत, गांव में छाया मातम

Next

जींद के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी का निधन: घुटने के ऑपरेशन के बाद बिगड़ी थी तबीयत