21/03/25

प्रवेश वर्मा ने पीडब्ल्यूडी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को किया सस्पेंड, सभी अधिकारियों को दी ये चेतावनी

नई दिल्ली, 21 मार्च (अभी): दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को निलंबित कर दिया. यह फैसला पटपड़गंज इलाके के दौरे के दौरान सामने आई लापरवाहियों के कारण लिया गया. मंत्री वर्मा लगातार अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे और उन्होंने पहले भी संकेत दिए थे कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

पटपड़गंज दौरे के दौरान खुली पोल


मंत्री प्रवेश वर्मा राजधानी की सड़कों और अन्य सार्वजनिक निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं. इसी कड़ी में जब वे पटपड़गंज पहुंचे, तो वहां की बदहाल स्थिति को देखकर नाराज हो गए. इलाके में सड़कों की खराब हालत, जलभराव और मरम्मत कार्यों में लापरवाही को लेकर उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाई. इसके तुरंत बाद PWD के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया गया.

काम नहीं किया तो होगी सख्त कार्रवाई


प्रवेश वर्मा पहले भी अधिकारियों को चेतावनी दे चुके हैं कि अगर वे अपने काम में लापरवाही बरतते हैं तो उन पर कड़ी कार्रवाई होगी. उन्होंने अपने एक बयान में कहा था, अधिकारियों की पिछले 10 सालों में चर्बी मोटी हो गई है. मैं सड़कों पर दौड़ा रहा हूं, चर्बी कम होगी तो काम होगा. इस बयान के बाद यह साफ हो गया था कि वे सुस्ती और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करने वाले हैं.

दिल्ली में सरकारी कामकाज पर सवाल

मंत्री के इस कदम के बाद दिल्ली सरकार के अन्य विभागों पर भी सवाल उठने लगे हैं. राजधानी में कई इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है. प्रवेश वर्मा के इस एक्शन से अन्य विभागों में भी हलचल मच गई है और यह संदेश गया है कि अब लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी.

Previous

जल शक्ति अभियान - कैच द रैन 2025” का शुभारंभ पंचकूला से होगा

Next

google का बड़ा एक्शन , 300 Apps को किया एक झटके में प्ले स्टोर से डिलीट, स्मार्टफोन्स यूजर्स का डेटा कर रहे थे चोरी