पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट विवाद: प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस का लाठीचार्ज, PGI रोड जाम, परिसर में भारी तनाव
चंडीगढ़, 10 नवम्बर (अभी): पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में सीनेट चुनाव की तारीखों के एलान की मांग को लेकर सोमवार को छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर की सभी सड़कों को जाम कर दिया, जिससे आम जनता और स्कूल बच्चों के अभिभावक घंटों तक फंसे रहे।
छात्रों के एक समूह ने उग्र रूप लेते हुए पुलिस से धक्का-मुक्की की और पीयू के सामने स्थित PGI का गेट नंबर 1 तोड़ दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने भी मोर्चा संभाला, लेकिन जब प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसने लगे तो पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
प्रदर्शनकारी छात्र और उनके समर्थक, जिनमें निहंग भी शामिल थे, गेट टूटने के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में दाखिल हो गए।
छात्रों के आह्वान पर उनके समर्थन में किसान संगठन और कई राजनीतिक दल भी प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं। मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर फेज 6 में किसानों ने पुलिस का बैरिकेड तोड़ दिया और वे यूनिवर्सिटी की ओर बढ़ने लगे। हालांकि, निहंगों को YPS चौक मोहाली की तरफ मोड़ दिया गया, जिससे वहां जाम की आशंका बनी हुई है और पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है।
इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आज (10 नवंबर) और कल, दो दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। पुलिस ने शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं, जिसके तहत 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और पूरे शहर में 12 जगहों पर नाकाबंदी की गई है। यहां तक कि मोहाली में पुलिस ने एक जज की गाड़ी को भी चंडीगढ़ में प्रवेश नहीं करने दिया। यूनिवर्सिटी में केवल आईडी दिखाने पर ही जरूरी काम वाले लोगों को जाने की अनुमति दी जा रही है।
गौरतलब है कि यह पूरा विवाद पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट और सिंडिकेट को भंग करने के फैसले से शुरू हुआ था। हालांकि केंद्र सरकार ने बाद में यह नोटिफिकेशन वापस ले लिया था, लेकिन अब छात्र जल्द चुनाव की मांग पर अड़े हैं।
#PUProtest #Chandigarh #Mohali #StudentAgitation #PoliceLathicharge #PGIGate #SenateElection #FarmersProtest #PunjabUniversity