मौसम विभाग ने दी गुड न्यूज! दिल्ली-NCR और यूपी में बारिश देगी राहत, उत्तर भारत के इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
नई दिल्ली, 10 अप्रैल (अभी): उत्तर भारत में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. आज गुरुवार (10 अप्रैल, 2025) को देश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग की अगर मानें तो तेज धूप और गर्मी के बीच और बारिश हो सकती है. इतना ही नहीं कई राज्यों में गुरुवार से शुक्रवार तक बारिश के साथ आंधी भी आ सकती है और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले तीन दिनों तक बारिश हो सकती है. दिल्ली में भी बारिश और आंधी का अनुमान लगाया गया है और येलो अलर्ट सिर्फ बुधवार तक ही था. अपने ताजा पूर्वानुमान में आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि राजधानी में तापमान में गिरावट आएगी, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 11 अप्रैल तक शहर में बारिश और आंधी आने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
वहीं मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुर, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है.
फिर से लौटेगा गर्मी का कहर
मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में चल रही गर्मी 10 अप्रैल से कम होने की संभावना है, जबकि गुजरात और मध्य प्रदेश में 11 अप्रैल से गर्मी कम होने की संभावना है. हालांकि, आईएमडी के वैज्ञानिक और प्रवक्ता नरेश कुमार ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 14-15 अप्रैल से फिर से गर्मी की लहर चलने की चेतावनी दी है. बारिश कम होने के बाद दिल्ली एनसीआर में तापमान एक बार फिर 40 डिग्री के पार जाने की संभावना है.
इसके अलावा, उत्तर और मध्य भारत में लू की स्थिति बनी हुई है, वहीं दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो रही है. केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.