13/09/26

शिलांग के लाबान पुलिस थाने पर पेट्रोल बम से हमला, इलाके में हाई अलर्ट; CCTV में कैद हुई वारदात

जे कुमार शिलांग (मेघालय), 12 सितंबर : मेघालय की राजधानी शिलांग के लाबान पुलिस थाने को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने शनिवार तड़के पेट्रोल बम (मोलोटोव कॉकटेल) से हमला कर दिया। इस घटना के बाद राजधानी समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक (SP) विवेक सिएम के अनुसार, वारदात तड़के करीब 2:30 बजे हुई। दोपहिया वाहन पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने थाने की बाउंड्री वॉल के ऊपर से परिसर के अंदर दो पेट्रोल बम फेंके और मौके से फरार हो गए।

पेट्रोल बम गिरते ही थाना परिसर में खड़े एक पुलिस वाहन (जिप्सी) में आग लग गई। हालांकि, वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा या जनहानि होने से टल गई।

यह पूरी घटना पुलिस स्टेशन में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज की गहनता से जांच कर हमलावरों की पहचान और उनकी धरपकड़ के प्रयास में जुटी है। प्राथमिक जांच में पुलिस स्थानीय मांग समूहों की संलिप्तता समेत सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है।

#ShillongNews #MeghalayaPolice #LabanPoliceStation #CrimeNews #MeghalayaUpdates #BreakingNews #LawAndOrder

Previous

नूंह में 4 अवैध डेयरियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 7,500 किलो मिलावटी पनीर जब्त

Next

हरियाणा लगातार तीसरे वर्ष रक्तदान में देश में अव्वल; 1 अक्टूबर को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान