23/09/26

देशभर में 221 दवाओं के सैंपल फेल; हिमाचल की 63 और हरियाणा की 11 दवाएं अमानक, बिक्री पर रोक व स्टॉक वापसी के निर्देश

हरियाणा , 23 सितंबर (अभिकान्त) : केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) द्वारा जारी अगस्त माह के ड्रग अलर्ट में देश के फार्मा उद्योग को बड़ा झटका लगा है। गुणवत्ता जांच के दौरान देशभर की विभिन्न फार्मा कंपनियों की 221 दवाएं मानकों पर खरी नहीं उतरीं और उनके सैंपल फेल पाए गए हैं। इनमें उत्तर भारत के प्रमुख फार्मा हब माने जाने वाले पंजाब और हिमाचल प्रदेश में निर्मित 71 दवाएं शामिल हैं।

सीडीएससीओ के अनुसार, अमानक पाई गई दवाओं में बच्चों के सिरप से लेकर एंटीबायोटिक, बीपी-हार्ट, बुखार, खांसी, पेट, किडनी और आंखों की दवाएं, विभिन्न लाइफ-सेविंग इंजेक्शन तथा मल्टीविटामिन उत्पाद शामिल हैं। जांच प्रक्रिया के तहत कुल अमानक दवाओं में से 191 दवाओं की जांच राज्य स्तरीय औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं (State Drug Testing Laboratories) में की गई, जबकि 29 सैंपलों की जांच केंद्रीय प्रयोगशालाओं (Central Laboratories) में हुई।

ड्रग अलर्ट रिपोर्ट में राज्यों के आधार पर हिमाचल प्रदेश की सर्वाधिक 63 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। इसके अलावा उत्तराखंड की 39, गुजरात की 17, महाराष्ट्र की 16, मध्य प्रदेश की 12, तमिलनाडु व हरियाणा की 11-11, सिक्किम व उत्तर प्रदेश की 9-9 तथा पंजाब की 8 दवाओं के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं।

हिमाचल प्रदेश में फेल पाई गई दवाएं मुख्यतः बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़, झाड़माजरी, भुड्ड, दवनी, गुल्लरवाला, कालाअंब, पांवटा साहिब, परवाणू, सोलन और कांगड़ा स्थित औद्योगिक क्षेत्रों की दवा इकाइयों में निर्मित की गई थीं। बड़ी संख्या में सैंपल फेल होने से दवा निर्माण की गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश के स्टेट ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने बताया कि जिन भी कंपनियों के नमूने जांच में विफल रहे हैं, उन्हें तत्काल कारण बताओ (Show-Cause) नोटिस जारी कर दिए गए हैं। संबंधित बैचों की बिक्री और वितरण को तुरंत रोक दिया गया है तथा कंपनियों को बाजार में उतारा गया स्टॉक वापस (Market Recall) मंगाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। नियमानुसार कंपनियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

#CDSCO #DrugAlert #PharmaNews #MedicineQuality #HimachalPharma #HaryanaNews #HealthNews #DanikKhabar

Previous

हरियाणा से मानसून की विदाई: 21 जिलों से मानसूनी हवाएं रवाना; रात में 'गुलाबी ठंड' की आहट, दिन में तपेगा पारा

Next

हरियाणा भाजपा में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बनीं नई प्रदेश प्रभारी, डॉ. भोला सिंह को मिली सह-प्रभारी की कमान