23/07/26

हांसी के चर्चित जिम ट्रेनर कपिल मर्डर केस में बड़ी सफलता: पुलिस एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी रोहित यादव गिरफ्तार

अभिकान्त, 23 जुलाई हरियाणा : हरियाणा के हांसी में बीते 11 जून को हुए चर्चित जिम ट्रेनर कपिल उर्फ कपिला हत्याकांड में पुलिस और सीआईए (CIA) टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और रेकी करने वाले आरोपी रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कपिल हत्याकांड का मुख्य आरोपी रोहित गांव पुट्ठी मंगल खां के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, तो खुद को घिरा देख आरोपी रोहित ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे एक गोली पुलिस की गाड़ी पर जा लगी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक गोली रोहित के पैर में लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

आरोपी की पहचान भिवानी जिले के बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव भुरटाना निवासी 27 वर्षीय रोहित यादव के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद उसे पहले हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और लगभग 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस जांच के मुताबिक, रोहित यादव ने जिम ट्रेनर कपिल की हत्या से पहले पूरे इलाके और उसकी गतिविधियों की रेकी की थी। इसके साथ ही उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटरों को वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार और लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराया था।

गौरतलब है कि 11 जून 2026 को फव्वारा चौक के पास सुबह वार्म-अप करा रहे जिम संचालक कपिल रेढू पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा एसटीएफ (STF) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर 4 जुलाई की रात बहादुरगढ़ इलाके में मुठभेड़ के दौरान दो मुख्य शार्प शूटरों (हिमांशु और प्रवेश) को ढेर कर दिया था।

मुख्य साजिशकर्ता रोहित यादव की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को उम्मीद है कि इस पूरे मर्डर नेटवर्क और गैंग के अन्य मददगारों की जानकारी भी जल्द सामने आ जाएगी।

#HansiNews #HisarPolice #HaryanaCrime #Encounter #KapilRedhuCase #HaryanaPolice #STFHaryana #Danikkhabar #LawrenceBishnoiGang #CrimeNewsHaryana #BwaniKhera

Previous

हवाई नहीं, अब समुद्री रास्ते से दुबई में बिखरी यूपी के आमों की मिठास! 25 दिन सफर के बाद भी 90% आम तरोताजा

Next

देशभर में एक समान और स्पष्ट कानून निर्माण के लिए नई दिल्ली में 36वें विधायी प्रारूपण पाठ्यक्रम का उद्घाटन