भिवानी में 13 जुलाई को मनाई जाएगी महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती: लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा
चंडीगढ़, 30 जून (अभी): हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि 13 जुलाई को भिवानी में आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह ऐतिहासिक होगा। इसमें बड़ी संख्या से प्रदेश के लोग पहुंचेंगे। जिला नूंह से भी इस समारोह में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने सोमवार को सर्किट हाउस नूंह में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार ने संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रचार योजना के तहत महापुरुषों की जयंती मनाने की परंपरा शुरू की है, जिससे समाज का हर वर्ग गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम को लेकर प्रजापति समाज ही नहीं, अपितु हर समाज में भी उत्साह है। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि होंगे, इसलिए जिला नूंह से अधिकाधिक संख्या में लोग भिवानी पहुंचे। इससे पहले सिरसा में संत कबीरदास जयंती, इंद्री में महर्षि कश्यप जयंती, रोहतक के गांव पहरावर में भगवान परशुराम जयंती समारोह, उचाना में धन्ना भगत जयंती तथा इसके साथ ही महर्षि वाल्मीकि व संत रविदास जयंती मनाते हुए संतो व महापुरुषों को सम्मान देने का काम सरकार ने किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी देने का काम किया है और नौकरियों में जो बैकलॉग था, उसे भरने का काम किया है, जिससे समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों को फायदा मिला है। भाजपा सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन पर बड़ी तेजी से कार्य किया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार समाज के हर वर्ग को पूरा मान सम्मान दिया जा रहा है और वर्तमान केंद्र और प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के मूल मंत्र के साथ अंतिम छोर में बैठे वंचित वर्ग के लिए कार्य कर रही है। वर्तमान सरकार ने इस समाज को उसका हक देकर उसका मान-सम्मान किया है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि चुनाव के समय जनता से जो वायदे किए गए थे, उन्हें पूरा करने का काम सरकार कर रही है।
बैठक कर लगाई ड्यूटी
इससे पहले मंत्री ने सर्किट हाउस में जिला नूंह के प्रजापति समाज के लोगों की मीटिंग ली और उन्हें 13 जुलाई को भिवानी में आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में अधिक से अधिक भागीदारी करने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि यह सरकार की तरफ से न्योता दिया जा रहा है, इसलिए अधिक से अधिक संख्या में जयंती कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं व कार्यक्रम को भव्य तरीके से मनाने के लिए सहयोग भी करें। इससे पहले नूंह पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं, प्रजापति समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने कैबिनेट मंत्री को पुष्प गुच्छ व फूलमाला पहनाकर अभिनंदन किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, भाजपा नेता एजाज खान, नगर पालिका फिरोजपुर झिरका मनीष जैन, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा सहित गणमान्य उपस्थित थे।