अभय चौटाला बने इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष, इनेलो संसदीय कार्य समिति की बैठक में लिया गया फैसला
चंडीगढ़, 25 मार्च (अभी): हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी में बड़ा फेरबदल किया गया है। अभय सिंह चौटाला को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। अभय सिंह अभी तक पार्टी में महासचिव के पद पर कार्यरत थे। लेकिन अब वह अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। इनेलो पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका एलान हुआ। यह कॉन्फ्रेंस इनेलो नेता शेर सिंह बडसामी ने आयोजित की। इसके साथ ही पार्टी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी रामपाल माजरा संभालेंगे।
किसे क्या मिली जिम्मेदारी
इंडियन नेशनल लोकदल का राष्ट्रीय निकाय
इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में चौधरी अभय सिंह चौटाला को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में आर. एस. चौधरी (आईएएस सेवानिवृत्त) और शेर सिंह बर्शामी को जिम्मेदारी दी गई है। उपाध्यक्ष पद पर कृषण कुमार जालान, अंजू चौधरी, और ब्रिगेडियर ओ. पी. चौधरी को नियुक्त किया गया है।
पार्टी के महासचिव के रूप में प्रकाश राम (भारती जी) को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कैप्टन इंदर सिंह (पूर्व सांसद), रमेश गर्ग (जबलपुर), और सुमित्रा देवी (जींद) को सामान्य सचिव बनाया गया है।
सचिव पद के लिए चत्तर सिंह (पूर्व एचपीएससी सदस्य), बलवंत सिंह मायना (पूर्व विधायक), और नरेंद्र वर्मा को चुना गया है। संगठन सचिव के रूप में उमेद सिंह लोहान, कोषाध्यक्ष के रूप में राम भगत गुप्ता, और राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में अश्वनी दत्ता (पूर्व अध्यक्ष, हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट) को नियुक्त किया गया है। मेम्बर में चत्तर सिंह कश्यप और राम कुमार नंबरदार का नाम शामिल है।
INLD संसदीय बोर्ड के सदस्य
इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला हैं। इस बोर्ड में कुल छह सदस्य शामिल हैं। इन सदस्यों में शेर सिंह बर्शामी, प्रकाश भारती, रामपाल माजरा (पूर्व मंत्री), आर. एस. चौधरी, एम. एस. मलिक (सेवानिवृत्त डीजीपी), कमल नागपाल का नाम शामिल है। यह संसदीय बोर्ड पार्टी के महत्वपूर्ण निर्णयों में भूमिका निभाएगा और संगठन की संसदीय गतिविधियों को संचालित करने में सहायक होगा।
किस राज्य की किसे दी गई जिम्मेदारी
इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) ने विभिन्न राज्यों के लिए अपने प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की है। हरियाणा में रामपाल माजरा (पूर्व मंत्री) को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उत्तर प्रदेश में यह जिम्मेदारी समरपाल चौधरी को सौंपी गई है। मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष मोतीलाल होंगे, जबकि राजस्थान में जयवीर गोदारा को यह पद सौंपा गया है। दिल्ली में हरि सिंह राणा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं,पंजाब में गुर्तेज सिंह (गिक्कू) को और हिमाचल प्रदेश में डॉ. वीरेंद्र पहल को पार्टी का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी गई है।