12/07/26

AI और क्वांटम तकनीक से बदलेगा डिजिटल लेन-देन; IIT दिल्ली और नेटकवेस्ट ग्रुप ने शुरू किया 'फिनटेक फ्रंटियर प्रोग्राम'

अभिकान्त, 12 जुलाई नई दिल्ली : आने वाले वर्षों में बैंकिंग की पूरी तस्वीर सिर्फ मोबाइल ऐप, एटीएम या ऑनलाइन लेन-देन तक सीमित नहीं रहेगी। बैंकिंग क्षेत्र की नई दिशा अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा और स्टार्टअप आधारित नवाचार (इन्नोवेशन) से तय होगी। इसी भविष्योन्मुखी सोच को धरातल पर उतारने के लिए नेटकवेस्ट ग्रुप और आईआईटी दिल्ली के 'फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी ट्रांसफर' (FITT) ने मिलकर नेटकवेस्ट फिनटेक फ्रंटियर प्रोग्राम (NFFP) की शुरुआत की है। इस रणनीतिक पहल का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालयों में हो रहे उच्च स्तरीय शोध को सीधे बैंकिंग उद्योग की व्यावहारिक जरूरतों से जोड़ना है, ताकि लैब में तैयार तकनीक को सीधे बाजार तक पहुंचाया जा सके।

शनिवार को आईआईटी दिल्ली में इस विशेष कार्यक्रम का अनावरण किया गया। इसके तहत संस्थान के शोधकर्ता, फैकल्टी और होनहार स्टार्टअप्स नेटकवेस्ट ग्रुप की वास्तविक बैंकिंग चुनौतियों और डेटा पर काम करेंगे। इस सहयोग के जरिए डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा, डिजिटल ट्रस्ट, एआई और क्वांटम तकनीक जैसे संवेदनशील व आधुनिक क्षेत्रों में ऐसे पुख्ता समाधान विकसित किए जाएंगे, जिन्हें सीधे बैंकिंग सेवाओं का हिस्सा बनाया जा सके। यह कार्यक्रम भारत और ब्रिटेन (UK) के बीच द्विपक्षीय तकनीकी सहयोग को भी एक नए मुकाम पर ले जाएगा।

दो प्रमुख ट्रैक पर काम करेगी यह विशेष पहल इस कार्यक्रम की कार्यप्रणाली को सुचारू रूप से चलाने के लिए इसे दो प्रमुख ट्रैक में विभाजित किया गया है:

  • रिसर्च ट्रांसलेशन ट्रैक: इसके तहत आईआईटी दिल्ली के शोध समूह बैंकिंग क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और जटिल डेटा पर गहन रिसर्च करेंगे ताकि सुरक्षा और कार्यक्षमता को बढ़ाया जा सके।

  • स्टार्टअप इनोवेशन ट्रैक: इस माध्यम से 'टेक्नोलॉजी रेडीनेस लेवल' (TRL) 8 वाले परिपक्व स्टार्टअप्स को अपने वित्तीय उत्पादों का लाइव परीक्षण करने, पायलट प्रोजेक्ट चलाने और अपने व्यावसायिक विस्तार का सुनहरा अवसर मिलेगा।

इतना ही नहीं, इस कार्यक्रम के तहत विकसित होने वाले सफल नवाचारों को पेटेंट कराने के साथ-साथ उन्हें ब्रिटेन के विशाल बैंकिंग बाजार तक पहुंचाने में भी पूरा सहयोग दिया जाएगा।

#IITDelhi #FintechFrontier #BankingInnovation #ArtificialIntelligence #Danikkhabar #QuantumComputing #CyberSecurity #IndiaUKTech #StartupIndia2026

Previous

यूपी में 'एक पेड़ मां के नाम' महा अभियान की शुरुआत: सीएम योगी ने लगाए पौधे, प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

Next

अंबाला में कलयुगी बेटे का खौफनाक कदम: मामूली विवाद में ईंट से हमला कर पिता की निर्मम हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार