18/01/25

पंजाब में भाजपा सरकार आने पर किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जाएंगी- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 

चंडीगढ़,18 जनवरी (अभी): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को पंजाब के रोपड़ में आयोजित सैनी महासम्मेलन के दौरान बतौर मुख्य अतिथि  कहा कि केंद्र व हरियाणा की सरकार किसानों की सच्ची हितैषी है। इसी का साक्ष्य है कि हरियाणा ने किसानों की शत प्रतिशत फसलों की एमएसपी पर खरीद की है  और 12 लाख किसानों के खाते में 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये डाले हैं। इसके अतिरिक्त, फसल खरीद के बाद देरी से पेमेंट होने पर 78 करोड़ रुपये ब्याज के तौर पर किसानों को दिए हैं। वहीं राज्य पंजाब में पहले कांग्रेस सरकार व अब मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार किसानों की सुध नहीं ले रही है और किसानों की फसलों को एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा है। जिस वजह से किसान आंदोलनरत हैं। मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार को सलाह दी कि वे विधानसभा में बिल लाकर किसानों की शत प्रतिशत फसलों को एमएसपी पर खरीदने का काम करे। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार आने पर किसानों की शत प्रतिशत फसलों की एमएसपी पर खरीद की जाएगी।


इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल हरियाणा में खरीफ सीजन में बारिश देर से हुई थी। जिसके कारण किसानों को फसल की बुवाई के लिए सिंचाई व दूसरे इंतजाम करने पड़े। हरियाणा सरकार ने किसानों की पीड़ा को समझा और 2 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से बोनस के तौर पर उनके खाते में डाले।उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गरीब व मजदूरों की भलाई के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। इसी कड़ी में उन्होंने दूसरी बार मुख्यमंत्री की शपथ लेते ही प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कालेजों और पीजीआई में किडनी के रोग से पीड़ित रोगियों को मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं प्रदान करवाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि 70 वर्ष से ज्यादा आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।  हरियाणा सरकार ने प्रदेश के बुजुर्गों को इस योजना का लाभ दिया और इस मद पर अब तक 2500 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछड़ा वर्ग की लंबे समय से मांग थी कि उनकी क्रीमिलेयर की आय सीमा को बढ़ाया जाए। हरियाणा सरकार ने इस आय सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दिया है। इसका पिछड़ा वर्ग को लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का सैनी समाज एकजुट होकर आगे बढ़ेगा तो तरक्की के हर मुकाम को पा लेगा। हमें अपने बेटे व बेटियों को शिक्षित करना जरूरी है। इसी से आगे बढ़ेंगे व विकास के रास्ते तय कर पाएंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री  ने आंखों के इलाज के लिए अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित मोबाइल बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बस में मरीजों का मौके पर चैकअप और इलाज की सुविधा मिलेगी।

Previous

भारत सरकार कर्नाटक की बेहतरी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान

Next

"यमुनानगर में 800 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट स्थापित होने के सारे रास्ते साफ हो गए हैं" ऊर्जा मंत्री अनिल विज