वैष्णो देवी में भारी बारिश से हुआ जगह-जगह भूस्खलन, मंदिर तक पहुंचने वाला रास्ता तबाह
जम्मू-कश्मीर , 24 जून (अभी) : जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हुआ है। माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले नए ट्रैक पर सोमवार को भारी भूस्खलन हुआ। इस वजह से प्रशासन ने बैटरी कार सेवा को रोक दिया।
अधिकारियों ने बताया की गनीमत की बात यह रही कि भारी बारिश की वजह से हुए भूस्खलन में कोई भी श्रद्धालु या अन्य कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि भूस्खलन के बाद श्रद्धालुओं को पुराने रूट की तरफ डायवर्ट कर दिया गया और अब यात्रा बिना किसी व्यवधान के जारी है।
वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के कर्मी लगातार मार्ग को पुनः सुचारु करने में लगे हुए हैं। बताया गया है कि दोपहर करीब 12 बजे उमस के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई, जो लगभग ढाई घंटे तक लगातार बरसी। इस भारी बारिश के दौरान हिमकोटी और आसपास के हिस्सों में भूस्खलन की घटना हुई, जिससे यात्रा मार्ग पर जगह-जगह कंकड़-पत्थर बिखर गए और कीचड़-दमकड़ फैल गया। इससे यात्रा में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफ़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।