20/01/25

हरियाणा कबड्डी खेल महाकुंभ कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ने विजेता पुरुष और महिला कबड्डी टीमों को किया पुरस्कृत

चंडीगढ़, 20 जनवरी (अभी): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को अम्बाला जिला के गांव बड़ागढ़ में आयोजित हरियाणा कबड्डी खेल महाकुम्भ कार्यक्रम में  घोषणा करते हुए कहा कि खेल स्टेडियम बड़ागढ में 14 करोड़ रूपए की लागत से हॉकी का एस्ट्रो ट्रफ बनाया जाएगा तथा खेल के मैदान में फलड लाईटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा, गांव लाहा तथा गांव बिचपड़ी में स्थित खेल स्टेडियमों के नवीनीकरण के लिए 5 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कबड्डी महाकुंभ में पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही विजेता टीमों को पुरस्कृत भी किया।मुख्यमंत्री ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि कबड्डी केवल ताकत का खेल नहीं, बल्कि दिमाग का खेल भी है। खिलाड़ियों  के दमखम पर भारत आज ओलम्पिक व अन्य अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में बड़ी शक्ति के रूप में उभर रहा है। इसमें हरियाणा के खिलाड़ियों का सर्वाधिक योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हरियाणा के ऐसे 11 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू  द्वारा सम्मानित भी किया गया है।  इनमें से एक खिलाड़ी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड,  10 खिलाड़ियों  को अर्जुन अवार्ड तथा 1 कोच को द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा कबड्डी, कुश्ती और मुक्केबाजी जैसे परम्परागत खेलों का गढ़ रहा है। विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों  ने पदक जीत कर न केवल हरियाणा का, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। अब तो हरियाणा खेलों के दम पर बॉलीवुड की भी पसंद बन गया है। दंगल और सुलतान जैसी फिल्में हरियाणा के पुरुष और महिला खिलाड़ियों का गौरव गान करती हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने सदा ही खेल के क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। पेरिस ओलंपिक 2024 में देश द्वारा जीते गये 6 पदकों में से 5 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों  ने जीते। इससे पहले, टोक्यो ओलंपिक 2020 में हरियाणा के 30 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें भारत द्वारा जीते गए 7 पदकों में से 4 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों  ने हासिल किए। यही नहीं, एशियाई खेलों में भी प्रदेश का प्रदर्शन बड़ा ही सराहनीय रहा है। एशियाई खेल-2022 में, राज्य के 82 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें देश के 111 पदकों में से 28 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते। इसी प्रकार, राष्ट्रमंडल खेलों में भी हरियाणा के खिलाड़ियों  का दबदबा रहा। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 के दौरान हरियाणा के 43 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। इसमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 20 पदक जीते।

Previous

भ्रष्टाचारी पटवारियों की लिस्ट जारी करने पर दि रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन, गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर के नाम सौंपा ज्ञापन

Next

एनसीसी कैडेट भारत के संसाधन हैं, उन्हें विकसित भारत के सपने को साकार करने का प्रयास करना चाहिए: एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2025 में रक्षा मंत्री का कथन