24/02/26

हरियाणा ग्रुप-D भर्ती की तैयारी: HSSC जल्द शुरू करेगा CET आवेदन प्रक्रिया, चेयरमैन ने अभ्यर्थियों को दी सावधानी बरतने की सलाह

चंडीगढ़, 24 फरवरी (अभी) : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए ग्रुप-D पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को गति दे दी है। आयोग ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि परीक्षा की तारीखों का ऐलान किसी भी वक्त किया जा सकता है।

आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया है कि ग्रुप-D के लिए नया आवेदन पोर्टल खोलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वर्तमान में आयोग सरकार की ओर से अमेंडमेंट नोटिफिकेशन (संशोधन अधिसूचना) का इंतजार कर रहा है, जिसके प्राप्त होते ही पोर्टल को अभ्यर्थियों के लिए लाइव कर दिया जाएगा।

आयोग ने आगामी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे पोर्टल खुलने का इंतजार किए बिना अपने सभी शैक्षणिक और आरक्षित श्रेणी से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों को पहले से ही तैयार रखें ताकि आवेदन के समय कोई हड़बड़ी न हो।

भर्ती प्रक्रिया में होने वाली सामान्य गलतियों को रोकने के लिए आयोग ने सख्त हिदायत दी है कि अभ्यर्थी अपना आवेदन फॉर्म स्वयं भरें और इसके लिए किसी अन्य व्यक्ति या साइबर कैफे के भरोसे न रहें। अक्सर देखा गया है कि दूसरों से फॉर्म भरवाने के कारण डेटा में त्रुटियां रह जाती हैं, जिससे बाद में पात्रता रद्द होने का खतरा रहता है।

उम्मीदवारों को निर्देश दिया गया है कि वे फॉर्म के प्रत्येक कॉलम को अत्यंत सावधानीपूर्वक भरें और सबमिट करने से पहले जानकारी की पुष्टि कर लें। फॉर्म भरने के बाद उसका प्रिंट आउट लेकर उसे ध्यानपूर्वक पढ़ना अनिवार्य है ताकि यदि कोई कमी रह गई हो, तो उसे समय रहते सुधारा जा सके।

#HSSC #HaryanaJobs #GroupD #CET2026 #HaryanaRecruitment #ExamUpdate #GovtJobsIndia #HSSCCET #JobAlert #CareerGuidelines #HaryanaNews #EmploymentNews #AmanedmentNotification #HSSCOfficial #StudentAlert #ExamPreparation

Previous

खाटूश्याम मेला: दिल्ली तक बढ़ी मदार-रेवाड़ी एक्सप्रेस; श्रद्धालुओं के लिए 28 फरवरी तक चलेगी स्पेशल ट्रेन।

Next

महेंद्रगढ़ के दताल गांव में तेंदुए की दहशत: खेतों में मिले पगमार्क, पकड़ने के लिए विभाग ने लगाया पिंजरा