29/06/25

प्रत्येक समाज के महापुरुषों की जयंती सरकारी स्तर पर मना रही है हरियाणा सरकार: लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा

चंडीगढ़, 29 जून (अभी) - हरियाणा के लोक निर्माण और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि समाज को जोड़ने और अंधविश्वास मिटाने का कार्य संत कबीर ने अपने पूरे जीवन में किया। वे एक ऐसे युगदृष्टा थे, जिन्होंने जाति, पंथ और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानवता का संदेश दिया।

 

लोक निर्माण मंत्री रविवार को हिसार में संत कबीर छात्रावास में आयोजित संत कबीर साहब के 627वें प्रकाशोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कबीर छात्रावास के लिए 21 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने संत कबीर छात्रावास की व्यवस्थाओं की भी सराहना की और आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा ऐसे संस्थानों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर माहौल मिल सके।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चल रही है। सभी महापुरुषों की जयंती अब राज्य सरकार द्वारा आधिकारिक रूप से मनाई जा रही है, जिससे समाज में एकता और जागरूकता का संदेश फैल रहा है। उन्होंने कहा कि डीएससी समाज के अधिकारों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। अब समाज के युवा बिना सिफारिश, बिना खर्चे के सरकारी नौकरियों में चयनित हो रहे हैं।

 

श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री की नीतियों का ही परिणाम है कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से हज़ारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। सरकार बिना खर्ची, बिना पर्ची के सिद्धांत पर काम कर रही है और युवाओं को उनकी मेहनत का फल दिया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरे किए जा रहे हैं। सड़कों, भवनों और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से जलापूर्ति और सीवरेज प्रणाली को आधुनिक बनाया जा रहा है।

Previous

देश की युवा पीढ़ी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का मार्ग करेगी प्रशस्त : खेल मंत्री गौरव गौतम

Next

"एक पेड़ माँ के नाम, एक पौधा वीर जवान के नाम" पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति का अनूठा संगम — राव नरबीर सिंह