22/08/26

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के सीनियर एडवोकेट पवन कुमार मुटनेजा हरियाणा के नए महाधिवक्ता (AG) नियुक्त

हरियाणा , 22 अगस्त (अभिकान्त) : हरियाणा सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील पवन कुमार मुटनेजा को राज्य का नया महाधिवक्ता (Advocate General) नियुक्त किया है। 21 अगस्त को इस संबंध में अधिसूचना जारी होने के बाद शनिवार को मुटनेजा ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। यह पद पूर्व महाधिवक्ता परविंद्र सिंह चौहान को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में अतिरिक्त जज बनाए जाने के बाद खाली हुआ था।

पवन कुमार मुटनेजा 1985 से वकालत के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें संवैधानिक कानून (Constitutional Law), दीवानी, आपराधिक, श्रम, कंपनी कानून और मध्यस्थता से जुड़े मामलों का व्यापक अनुभव है। वे सुप्रीम कोर्ट सहित देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों में महत्वपूर्ण मामलों की पैरवी कर चुके हैं। इससे पहले वे 1996 से 1999 तक हरियाणा के अतिरिक्त महाधिवक्ता (AAG) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं, जिससे उन्हें राज्य सरकार के कानूनी मामलों को संभालने का गहरा अनुभव है। 2021 में उन्हें हाईकोर्ट द्वारा 'सीनियर काउंसिल' का दर्जा दिया गया था।

पानीपत के मूल निवासी पवन मुटनेजा एक प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं। वे पानीपत के प्रसिद्ध 'प्रेम अस्पताल' के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. प्रेम कुमार मुटनेजा के पुत्र और चिकित्सक डॉ. पंकज मुटनेजा के भाई हैं। इसके अलावा, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) स्वर्गीय न्यायमूर्ति एम. एम. पूंछी उनके ससुर थे।

मुटनेजा की नियुक्ति पर स्थानीय अधिवक्ताओं, चिकित्सकों व सामाजिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

#PawanKumarMutneja #HaryanaAG #AdvocateGeneral #HighCourt #PanipatNews #DanikKhabar #HaryanaGovernment #ChandigarhNews

Previous

टोहाना: छात्राओं को यातायात नियमों व साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक; पीएम श्री कन्या स्कूल में पुलिस का विशेष अभियान

Next

महाराष्ट्र: 23 साल से फरार आरोपी रूप सिंह को सीबीआई ने किया गिरफ्तार; 1998 के गबन मामले में था वांछित