संभल में अलविदा जुमे को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट:जामा मस्जिद इमाम और शहर मुफ़्ती बोले: सड़कों पर नमाज अदा न करें
उत्तर प्रदेश, 28 मार्च (अभी): अलविदा जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। संभल शहर में सबसे ज्यादा चौकसी की जाएगी। सड़क और छतों पर नमाज नहीं पढ़ने की हिदायत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी पीस कमेटी की बैठक में दे चुके हैं। अब एहतियाती तौर पर चौकसी बरती जा रही है। पीएसी और आरआरएफ के साथ थानों की फोर्स को तैनात किया जाना है।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जुमे की नमाज को लेकर एहतियाती तौर पर सतर्कता बरती जा रही है। पीएसी और आरआरएफ की दस कंपनी सुरक्षा में लगाई गई हैं। थानों और पुलिस लाइन से भी फोर्स को मुस्तैद किया गया है। सभी से पीस कमेटी की बैठक में अपील की जा चुकी है कि वह शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाएं। सोशल मीडिया पर निगरानी की जा रही है। यदि कोई माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे इलाके में ड्रोन से भी निगरानी कराई जानी है। अधिकारी भी इलाके में भ्रमणशील रहेंगे।