खनन विभाग ने अवैध खनन कार्य में शामिल एक ट्रैक्टर ट्राली को पकडक़र सीज किया।
अम्बाला, 22 मार्च (अभी): जिला खनन अधिकारी अंबाला गुरजीत सिंह द्वारा खनन निरीक्षक सोनू, खनन रक्षक शिव चरण के साथ गांव भरेड़ी खुर्द के साथ लगती नदी में रेते के अवैध खनन करते हुए एक ट्रैक्टर ट्राली को पकडक़र नियमानुसार सीज की गई। शुक्रवार की देर सांय खनन विभाग की टीम द्वारा यह कार्यवाही की गई।
जिला खनन अधिकारी गुरजीत सिंह ने कहा कि अवैध खनन को रोकने के लिए विभाग की टीम निरंतर निरीक्षण की कार्यवाही कर रही है। अवैध खनन तथा अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों एवं वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अवैध खनन/अवैध परिवहन की यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए की जा रही है।
बता दें कि सरकार एवं उपायुक्त अम्बाला के निर्देशानुसार उपमण्डल नारायणगढ़ में अवैध खनन पर पूर्ण रूप से अंकूश लगाने के लिए नियमित रूप से औचक निरीक्षण सम्बंधी कार्यवाही की जा रही है।
माईनिंग विभाग, इन्फोरसमैंट टीम, पुलिस तथा आरटीए विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। खनन निरीक्षक सोनू कुमार ने बताया कि हरियाणा खनन एवं भू-विज्ञान विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध खनन तथा खनिज परिवहन को लेकर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
नारायणगढ़ उपमंडल में भी लगातार खनन संबधी गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने को लेकर औचक निरीक्षण करते हुए सम्बन्धित टीमें फिल्ड में रहकर कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि उपायुक्त अजय सिंह तोमर हर माह बैठक लेकर अवैध खनन से सम्बन्धित जो कार्रवाई की जा रही है उसकी समीक्षा करते हैं तथा सम्बन्धित टीमों को स्पष्ट निर्देश दिये हैं, जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाशत नहीं किया जाएगा। अवैध खनन से सम्बन्धित यदि किसी की भी संलिप्तता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।