18/10/25

अमृतसर-सहरसा गरीब रथ में आग, सरहिंद के पास AC कोच जला; एक महिला झुलसी, बड़ा हादसा टला

पंजाब, 18 अक्टूबर (अभी) : शनिवार सुबह पंजाब के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12204) के एक एसी कोच में आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में एक महिला यात्री के मामूली रूप से झुलसने की खबर है, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, रेलवे और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी यात्री के गंभीर रूप से हताहत होने की सूचना नहीं है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई, जब ट्रेन सरहिंद स्टेशन से अंबाला की ओर मुश्किल से आधा किलोमीटर आगे बढ़ी थी। यात्रियों ने ट्रेन की एसी बोगी संख्या (G-19) से धुआं उठते देखा, जिसके बाद एक यात्री ने चेन खींचकर ट्रेन को रोका। लोको पायलट ने भी तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाए।

धुआं निकलने के कुछ ही देर बाद आग की लपटें दिखाई देने लगीं। जानकारी मिलते ही रेलवे के कर्मचारी, सरकारी रेलवे पुलिस (GRP), रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस के दल तुरंत मौके पर पहुंचे। यात्रियों को बिना किसी देरी के प्रभावित कोच से निकालकर अन्य डिब्बों में सुरक्षित स्थानांतरित किया गया। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं, जिन्होंने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जीआरपी सरहिंद के एसएचओ रतन लाल ने बताया कि 32 वर्षीय एक महिला यात्री को मामूली चोटें आईं, जिन्हें फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने से बोगी संख्या G-19 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दो अन्य कोच भी आंशिक रूप से प्रभावित हुए। आग को फैलने से रोकने के लिए इन तीनों क्षतिग्रस्त डिब्बों को बाकी ट्रेन से तुरंत अलग कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। रेल मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और एक यात्री को मामूली चोट आई है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त कोचों को हटाने के बाद ट्रेन को जल्द ही अपने गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। समय पर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और आग पर काबू पाने के लिए रेलवे कर्मियों की सराहना की जा रही है।

#GaribRathExpress #TrainFire #SirhindRailwayStation #TrainAccident #ShortCircuit #RailwaySafety #GRP #RPF #PassengerEvacuation #AmritsarSaharsa #IndianRailways

Previous

DRDO ने हैदराबाद में 'ESTIC-2025' सम्मेलन का पूर्वावलोकन किया

Next

नगर परिषद अम्बाला छावनी कार्यालय में देर रात लगी आग, दमकल विभाग ने पाया काबू