25/04/26

वित्तीय धोखाधड़ी मामला: हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के सीएओ रणधीर सिंह को किया सेवा से बर्खास्त

अभिकान्त, 25 अप्रैल हरियाणा : भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता नीति अपनाते हुए, हरियाणा सरकार ने वित्तीय घोटाले के संबंध में पंचकुला स्थित हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के मुख्य लेखा अधिकारी श्री रणधीर सिंह को बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई भारत के संविधान के अनुच्छेद 311(2)(ख) के तहत की गई है।

सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि श्री रणधीर सिंह को 14 मार्च, 2026 को हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। जांच में सरकारी धन के दुरुपयोग, आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी सहित कई गंभीर आरोप सामने आए हैं।

जांच में पता चला है कि यह मामला एक सुनियोजित, बहुस्तरीय वित्तीय घोटाले से जुड़ा है, जिसमें सरकारी प्रक्रियाओं में हेरफेर किया गया और धोखाधड़ी वाले बैंकिंग लेनदेन के माध्यम से सार्वजनिक धन को आरोपी और उसके सहयोगियों से जुड़े खातों और संस्थाओं में स्थानांतरित किया गया। इस घोटाले से राज्य को भारी वित्तीय नुकसान हुआ है।

सह-आरोपियों के बयान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), और डिजिटल एवं दस्तावेजी साक्ष्यों से यह स्पष्ट होता है कि श्री रणधीर सिंह ने बैंक अधिकारियों और अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर इस षड्यंत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त, वित्त विभाग द्वारा जारी दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हुए संबंधित बैंक खातों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी को छुपाया गया, जो गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और वित्तीय अनुशासन के उल्लंघन को दर्शाता है।

प्रवक्ता ने आगे कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने विस्तृत जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी है। उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए श्री रणधीर सिंह को भारत के संविधान के अनुच्छेद 311(2)(ख) के तहत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

#CorruptionFreeHaryana #ZeroTolerance #RandhirSinghDismissed #FinancialScam #HaryanaGovernment #PanchkulaNews #CBIInvestigation #AdministrativeAction #PublicFundSafety

Previous

मां नर्मदा को प्रदूषण मुक्‍त रखने के संकल्‍प के साथ “आटे के दीपक” का शुरू किया व्‍यवसाय

Next

पानीपत: समालखा बार एसोसिएशन के प्रधान और उनके भाइयों पर जानलेवा हमला, खेत विवाद बनी वजह