पंचकूला: नगर निगम चुनाव से पहले वोटरों को वसंत उत्सव में जागरूक कर रहा निर्वाचन आयोग, डमी EVM से दी जानकारी
हरियाणा, 14 मार्च (अभी) : हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित टाऊन पार्क में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय वसंत उत्सव में एक विशेष पवेलियन स्थापित किया है। यह पवेलियन आम जनता के लिए सुबह 9:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक खुला रहेगा और 15 मार्च 2026 तक तीन दिनों के लिए संचालित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य लोगों को आयोग की कार्यप्रणाली से अवगत कराना और जमीनी स्तर पर नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करना है।
राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि पंचकूला नगर निगम के आम चुनाव निकट होने के कारण इस तरह की जागरूकता पहल और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। इस शिविर के माध्यम से लोगों को उनके मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा प्रत्येक चुनाव में मतदान करने का संकल्प दिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से स्थानीय निकाय चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि वसंत उत्सव के पहले दिन इस पवेलियन को लोगों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, जो वसंत मेला उत्सव के उद्घाटन के लिए आए थे, उन्होंने भी राज्य निर्वाचन आयोग के इस पवेलियन का दौरा किया और मतदाता जागरूकता के इस प्रयास की सराहना की।
प्रवक्ता ने बताया कि पवेलियन में स्थानीय निकाय चुनावों से संबंधित एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही लोगों को ईवीएम की कार्यप्रणाली समझाने के लिए डमी ईवीएम का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण भी उपस्थित रहे और पवेलियन में आए लोगों से संवाद कर उन्हें मतदान के महत्व के बारे में जानकारी दी।
#ElectionAwareness #Panchkula #StateElectionCommission #VoteIndia #VoterEducation #HaryanaUpdates #danikkhabar