25/03/25

अंबाला में शहीदी स्मारक परियोजना का समय पर पूरा होना सुनिश्चित करें: अनिल विज

चंडीगढ़, 25 मार्च (अभी): हरियाणा के परिवहन, ऊर्जा एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अंबाला में बनाए जा रहे शहीदी स्मारक के निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। विज मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय में अंबाला में आजादी की पहली लड़ाई, 1857 की क्रांति के दौरान शहीद हुए वीर जवानों की याद में बनाए जा रहे शहीदी स्मारक के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में अनिल विज ने कहा कि स्मारक की दीवारों पर 1857 की क्रांति से जुड़ी तस्वीरें लगाई जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि 10 मई 1857 को शुरू हुई क्रांति से पहले की तैयारियों को भी फिल्म मे प्रदर्शित किया जाए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत फिल्मों में संशोधन का सुझाव दिया। श्री विज ने जोर देकर कहा कि म्यूजियम में हरियाणा के क्रांतिकारियों की तस्वीरें लगाई जाएं, ताकि दर्शकों के मस्तिष्क में क्रांतिकारियों की छवि उभर सके।

उन्होंने कहा कि स्मारक का मुख्य द्वार खाली नहीं होना चाहिए। दीवारों पर विभिन्न प्रकार की कलात्मक सजावट की जाए, जिसमें सभी क्रांतिकारियों की तस्वीरें भी शामिल हों। म्यूजियम के आसपास की खाली जमीन पर पेड़ लगाने की सलाह देते हुए उन्होंने हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों को इसे हरित क्षेत्र में बदलने का निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्मारक की ऊपरी मंजिलों पर "स्काई कैफे" की स्थापना करने का सुझाव दिया, ताकि आगंतुक वहां कॉफी आदि का आनंद लेते हुए ऊपरी वातावरण का लुत्फ उठा सकें। ग्राउंड फ्लोर पर हार्डवर्क और डिजिटल वर्क पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि म्यूजियम में प्रदर्शित फिल्में बहुभाषी होनी चाहिए। फिल्मों के स्रोत, उचित कट, लुक और बिब्लियोग्राफी को भी प्रदर्शित करने की सलाह दी। इसके साथ ही गाइड भर्ती प्रक्रिया को तेज करने और रेस्तरां-फूड कोर्ट के टेंडर जल्द जारी करने के निर्देश दिए।

Previous

आज के मुख्य समाचार और इतिहास

Next

फरीदकोट में किसान नेता डल्लेवाल के गांव में प्रदर्शन:किसान बोले- नेताओं को रिहा करो, भारी पुलिस बल तैनात