18/03/25

वायु सैनिकों की साइक्लिंग टीम नागपुर के लिए रवाना, चीफ एयर मार्शल ने दिखाई झंडी

उत्तर प्रदेश, 18 मार्च (अभी): भारतीय वायुसेना की अनुरक्षण कमान की 70वीं वर्षगांठ पर चकेरी एयरफोर्स स्टेशन से साइकिलिंग अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) एयर मार्शल विजय कुमार गर्ग ने साइकिल यात्रा को रवाना किया। इस टीम में एक महिला अधिकारी समेत चार अधिकारी, 11 वायुसैनिक शामिल हैं। यह लोग रोजाना 100-125 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। साइकिल अभियान बांदा, चित्रकूट, जबलपुर आदि प्रमुख क्षेत्रों से होते हुए नागपुर में करीब 750 किलोमीटर की दूरी तय कर खत्म होगा। चकेरी कानपुर में 1955 में पहली बार अनुरक्षण कमान की स्थापना की गई थी, जो 1963 में नागपुर में अपने वर्तमान स्थान पर चली गई। हालांकि वायु सेना स्टेशन कानपुर 1940 के दशक की शुरुआत से पहले का है, जब मित्र देशों की सेनाओं ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापानी सेनाओं के खिलाफ अपना अभियान शुरू किया था। बाद में इसे भारतीय वायु सेना की अनुरक्षण कमान में अपग्रेड किया गया। यह स्टेशन आज भारतीय वायुसेना के सबसे बड़े रखरखाव बेस में से एक है और इसकी कमान एओसी एयर कमोडोर एमके प्रवीण वीएम के हाथों में है।

Previous

अलीगढ़ हाईवे के माइलस्टोन पर अलीगढ़ के ऊपर लगाया हरिगढ़ का पोस्टर, पुलिस ने शुरू की जांच

Next

सरकार ने महेंद्रगढ़ में 163 रिहायशी मकानों/स्थानों की तारों को स्थानांतरित करने की मंजूरी दी, छह माह में कार्य होगा पूरा- ऊर्जा मंत्री अनिल विज