अंबाला: जी.एम.एन. कॉलेज में "कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग" पर जागरूकता व्याख्यान; विद्यार्थियों को दिखाया सजीव प्रदर्शन
जे कुमार अंबाला छावनी, 19 सितंबर 2026 : गांधी मेमोरियल नेशनल (जी.एम.एन.) कॉलेज, अंबाला छावनी में विद्यार्थियों को स्वच्छ व हरित पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वनस्पति विज्ञान एवं प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा ईको क्लब के सहयोग से "कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग" विषय पर एक विशेष जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के हर्बल-कम-बॉटेनिकल गार्डन में किया गया, जिसकी समन्वयिका डॉ. मीनू राठी रहीं।
कचरे से जैविक खाद बनाने का व्यावहारिक ज्ञान:
कार्यक्रम में प्राणी विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. शिखा जग्गी ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने गीले और सूखे कचरे के निपटान के लिए हरे व नीले डस्टबिन के सही प्रयोग तथा वर्मी-कम्पोस्टिंग और पिट कम्पोस्टिंग की प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार कैंटीन व बगीचे से निकलने वाले जैविक कचरे का उपयोग कर उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार की जा सकती है। इस दौरान विद्यार्थियों को बॉटेनिकल गार्डन में कम्पोस्ट पिट बनाने का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता:
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी व्यावहारिक गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक व पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना जगाती हैं। कचरा पृथक्करण जैसी सरल आदतों को अपनाकर न केवल परिसर को स्वच्छ बनाया जा सकता है, बल्कि समाज को भी नई दिशा दी जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में ईको क्लब प्रभारी डॉ. कुलदीप यादव ने सभी अतिथियों व विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर ईको क्लब के सदस्यों सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
#AmbalaNews #GMNCollege #AmbalaCantt #WasteManagement #Composting #EcoClub #AmbalaUpdates #HaryanaNews #EnvironmentAwareness #BreakingNews
Previous
अंबाला: थोक सब्जी मंडी में देर शाम नगर परिषद का एक्शन; अतिक्रमण पर मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील दत्त की कार्रवाई
Next