डीएलसी सुपवा के छात्र देवांश को पीआईबी में मिली नियुक्ति; बतौर ग्राफिक्स डिजाइनर संभालेंगे कमान
जे कुमार रोहतक, 1 अगस्त 2026: दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा), रोहतक के छात्र देवांश ने प्रेस इंफार्मेशन ब्यूरो (PIB) में नियुक्ति हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। इसी वर्ष यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन पूरी करते ही देवांश को भारत सरकार के मीडिया हाउस में बतौर ग्राफिक्स डिजाइनर सेवा देने का अवसर मिला है।
सोनीपत के मूल निवासी देवांश ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से फाइन आर्ट्स में ग्रेजुएशन करने के बाद वर्ष 2024 में सुपवा के 'अप्लाइड आर्ट्स' विभाग में एमएफए (मास्टर्स) में दाखिला लिया था। अपने बैच के होनहार छात्र रहे देवांश ने पढ़ाई पूरी होते ही नई दिल्ली स्थित 'नेशनल मीडिया सेंटर' में जॉइनिंग कर ली है। अब वे भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राफिक्स तैयार करने वाली केंद्रीय टीम में अपनी सेवाएं देंगे।
इस उपलब्धि पर कुलगुरु डॉ. अमित आर्य ने खुशी जताते हुए कहा कि पासआउट होते ही छात्र को इतनी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्था में नौकरी मिलना यूनिवर्सिटी के लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सफलता दर्शाती है कि सुपवा में छात्रों को इंडस्ट्री और मार्केट की मांग के अनुसार तैयार किया जा रहा है। आने वाले समय में यूनिवर्सिटी स्तर पर ऐसे और भी प्रयास किए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्रों को पढ़ाई पूरी करते ही रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
#RohtakNews #DLC SUPVA #PIB #GraphicDesigner #SonipatNews #HaryanaEducation #BreakingNewsHaryana #StudentAchievement
Previous
राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है: राज्य मंत्री मध्यप्रदेश
Next