• 09/09/26

डॉ. अंबेडकर प्रतिमा अपमान मामला: लुधियाना में 5.5 घंटे जाम रहा दिल्ली-अमृतसर हाईवे, जालंधर में कल बंद का ऐलान

पंजाब , 09 सितंबर (अभिकान्त) : संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज ने बुधवार (9 सितंबर) को लुधियाना में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे साढ़े 5 घंटे तक जाम रखा। प्रदर्शनकारियों ने सुबह 10 बजे जालंधर बाईपास चौक के पास मुख्य मार्ग पूरी तरह ठप कर दिया था। इस वजह से अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, अंबाला, करनाल और पानीपत मार्ग पर आवाजाही करने वाले यात्रियों तथा स्कूल बसों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर वैकल्पिक रास्ते बंद किए और एडीसीपी समीर वर्मा ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। उधर, प्रदर्शनकारियों ने दुकानें बंद कराने का भी प्रयास किया, हालांकि शहर के बाजार मुख्य रूप से खुले रहे।

मंगलवार (8 सितंबर) को शरारती तत्वों द्वारा प्रतिमा पर जूतों की माला पहनाने की घटना के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। बुधवार सुबह दलित समाज के लोगों ने प्रतिमा का दूध से अभिषेक किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने मूर्ति के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगवा दिए हैं।

मामले के विरोध में वाल्मीकि समाज और भीम क्रांति सेना ने गुरुवार को जालंधर शहर बंद रखने का ऐलान किया है। हालांकि, स्कूल, कॉलेज और मेडिकल इमरजेंसी सेवाओं को इस बंद से बाहर रखा गया है।

#LudhianaNews #JalandharNews #DelhiAmritsarHighway #AmbedkarStatue #PunjabNews #DanikKhabar

Previous

जीरकपुर: पालम एन्क्लेव में दिव्यांग से महज 2 सेकंड में स्नैचिंग; पर्स, फोन और दिव्यांगता प्रमाण पत्र छीन भागे बाइक सवार बदमाश

Next

चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर 7वें दिन भी किसानों का धरना जारी, सरकार से लिखित आश्वासन का इंतजार