दिल्ली रेलवे भीड़ से निपटने को तैयार, पहली बार चलाईं जा रहीं पूर्व निर्धारित सामान्य अनारक्षित ट्रेनें
नई दिल्ली, 12 मार्च (अभी): होली पर दिल्ली के स्टेशनों पर उमड़ रही भीड़ को संभालने के लिए रेलवे पूरी तरह तैयार है। महाकुंभ के मौके पर हुए हादसे से सबक लेते हुए रेलवे लोगों की भीड़ को कंट्रोल करने के अलग-अलग तरीका अपना रहा है। इसके तहत होल्डिंग एरिया, नियंत्रित प्रवेश, सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोलिंग, मनीला रोपवे और डिजिटल कम्युनिकेशन उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। फुट ओवर ब्रिज और सीढ़ियों पर भी सीसीटीवी कैमरे से मॉनिटरिंग की जा रही है। सुरक्षा के लिए मुस्तैदी से जवानों को लगाया गया है। हर रेलवे कर्मचारियों और रेलवे पुलिस के जवानों को वॉकी टॉकी दी गई है ताकि स्टेशन परिसर के भीतर और बाहर की जानकारी मिलती रहे। लगातार उद्घोषणा कर यात्रियों को निर्देशित भी किया जा रहा है। इसके लिए नई दिल्ली और आनंद विहार स्टेशन पर कंट्रोल रूम है जहां से अत्याधुनिक तकनीक से मॉनिटरिंग की जा रही है।
होली के मौके पर पूर्वांचल की ओर से जाने वाले लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। किसी तरह की भगदड़ न हो इसके लिए क्रॉस मूवमेंट को प्रतिबंधित किया गया है। यात्रियों के आवागमन को सुव्यवस्थित करने और भीड़भाड़ को कम करने के लिए प्लेटफार्म के निकास और प्रवेश द्वारों पर क्रॉस मूवमेंट प्रतिबंधित कर दिया गया है। लंबी-लंबी लाइने लग जा रही है, लेकिन प्लेटफार्म तक पहुंचने का रास्ता जरूर सुरक्षित और आसान हो गया है। स्टेशन परिसर में केवल आरक्षित श्रेणी के यात्रियों को सीधे अलग गेट से प्रवेश दिया जा रहा है। हालांकि भीड़ की तमाम तैयारियां कम पड़ रही है। घंटों लाइन में लगकर यात्रियों को प्लेटफार्म पर पहुंचने की मजबूरी है।