दिल्ली उपराज्यपाल का 'एक्शन प्लान': MCD को कचरा प्रबंधन और सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश
अभिकान्त, 25 मार्च नई दिल्ली : दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कार्यभार संभालने के बाद राष्ट्रीय राजधानी की नागरिक सुविधाओं को सुधारने के लिए कमान संभाल ली है। एलजी संधू ने मंगलवार को दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा निस्तारण की वर्तमान स्थिति और धूल नियंत्रण के उपायों की विस्तृत समीक्षा की। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दिल्ली को एक स्वच्छ और वैश्विक स्तर की राजधानी बनाने के विजन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कचरा निस्तारण और धूल नियंत्रण पर प्राथमिकता: उपराज्यपाल ने एमसीडी को कचरे के पहाड़ों को समतल करने की प्रक्रिया में तेजी लाने और घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारों पर जमा होने वाली धूल वायु प्रदूषण का एक बड़ा स्रोत है, जिसे रोकने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग और एंटी-डस्ट गन का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही, लोक निर्माण विभाग (PWD) और MCD के समन्वय से टूटी सड़कों और फुटपाथों की तत्काल मरम्मत (Pothole Filling) करने के आदेश दिए गए ताकि धूल उड़ने की समस्या को जड़ से खत्म किया जा सके।
बैठक में 'शिकायत निवारण तंत्र' को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया। उपराज्यपाल संधू ने निर्देश दिए कि नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का समाधान एक निश्चित समय सीमा के भीतर होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड विजिट बढ़ाने और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने को कहा। संधू ने कहा कि नागरिकों की संतुष्टि ही निगम की सफलता का पैमाना है, इसलिए पोर्टल और ऐप के माध्यम से आने वाली शिकायतों की निगरानी सीधे उच्च स्तर पर की जाएगी।
उपराज्यपाल ने निगम के लाइसेंसिंग और प्रवर्तन गतिविधियों में अधिक पारदर्शिता लाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और कुशल सेवा वितरण ही सरकार की प्राथमिकता है। आगामी 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2026' को देखते हुए, उन्होंने अधिकारियों को दिल्ली की रैंकिंग सुधारने के लिए अभी से कमर कसने का आह्वान किया।
#DelhiLG #TaranjitSinghSandhu #MCDUpdate #CleanDelhi #DustFreeDelhi #WasteManagement #DelhiGovernance #PublicService #UrbanDevelopment #BreakingNewsDelhi #danikkhabar