06/04/25

साइक्लोथोन दे रहा हरियाणा को नशा मुक्त बनाने का संदेश: सांसद धर्मबीर सिंह

चंडीगढ़, 6 अप्रैल (अभी) - भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद श्री धर्मबीर सिंह ने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा साइक्लोथॉन को केवल साइकिल यात्रा नहीं समझना चाहिए। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक को नशा मुक्त हरियाणा बनाने के लिए जागरूक करना है।

         सांसद ने यह संदेश आज भिवानी के राधा स्वामी सत्संग भवन दिनोद आश्रम से दादरी तक नशा मुक्त हरियाणा साइकिल यात्रा को रवाना करने से पहले दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब की गिनती कभी देश के विकसित राज्यों में होती थी, लेकिन अब इस प्रदेश के युवा नशे की गिरफ्त में हैं और विकास की गति रुक ​​गई है।

         उन्होंने कहा कि नशा धीरे-धीरे हमारे राज्य हरियाणा में भी आ रहा है, जो चिंता का विषय है। हमें इस नशे को यहीं रोकना होगा। यह तभी संभव है जब हर नागरिक जागरूक हो और अपने आस-पास नजर रखे ताकि कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह से नशा न बेच सके।

         उन्होंने कहा कि हम सभी को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा शुरू किए गए इस अभियान का समर्थन करना चाहिए तथा हरियाणा को नशा मुक्त बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं का भविष्य बर्बाद करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें तथा खेलों में प्रदेश व देश के लिए पदक जीतें।

Previous

संत-महात्मा ही हमारे सच्चे मार्गदर्शक हैं: केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल

Next

यमुनानगर में अवैध खनन पर 5 वाहनों का चालान, 1.68 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया